Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

एसपी उत्तरकाशी ने किया गंगोत्री हाईवे एवं भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण

उत्तरकाशी – कांवड़ यात्रा एवं मानसून सीजन को देखते हुए पुलिस अधीक्षक उत्तरकाशी, श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने मंगलवार को गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग (कांवड़ यात्रा मार्ग) तथा भटवाड़ी स्थित पापड़गाड़ के भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं आपदा से निपटने की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए।पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मानसून के बीच जनपद उत्तरकाशी में कांवड़ यात्रा आस्था, उत्साह एवं उल्लास के साथ सुचारु रूप से संचालित हो रही है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में शिवभक्त पवित्र गंगाजल लेने श्री गंगोत्री धाम पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या एवं मौसम की परिस्थितियों को देखते हुए यात्रा मार्ग पर सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्थाओं की विशेष निगरानी की जा रही है।निरीक्षण के दौरान पापड़गाड़ (भटवाड़ी) स्थित भू-धंसाव प्रभावित क्षेत्र में कार्यदायी संस्था बीआरओ (BRO) के अधिकारियों, अभियंताओं एवं संबंधित ठेकेदारों को मार्ग को शीघ्र सुचारु करने, सुरक्षा उपायों को प्रभावी ढंग से लागू करने तथा निर्माण कार्य की गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही पुलिस, प्रशासन एवं बीआरओ के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कांवड़ एवं चारधाम यात्रा के सुरक्षित संचालन पर विशेष बल दिया गया।एसपी ने निर्देश दिए कि किसी भी संभावित जोखिम की स्थिति में तत्काल यातायात रोककर आवश्यक सुरक्षा उपाय लागू किए जाएं तथा भू-धंसाव अथवा मार्ग अवरुद्ध होने की अद्यतन जानकारी तुरंत उच्चाधिकारियों एवं कंट्रोल रूम को उपलब्ध कराई जाए। यदि मार्ग अधिक समय तक बाधित रहता है तो शटल सेवा एवं वैकल्पिक यातायात व्यवस्था समयबद्ध रूप से लागू की जाए।उन्होंने सभी पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया कि कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं के साथ “सुविधा, सुरक्षा एवं सम्मान” की भावना से संवेदनशील, विनम्र एवं सहयोगपूर्ण व्यवहार करें तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल सहायता एवं उचित मार्गदर्शन उपलब्ध कराएं।यात्रा को सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाए रखने के लिए कांवड़ यात्रा में प्रयुक्त वाहनों की नियमित जांच, ओवरलोडिंग, ओवरहाइट तथा ध्वनि प्रदूषण करने वाले वाहनों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए। इसके अलावा संदिग्ध व्यक्तियों एवं गतिविधियों पर सतत निगरानी बनाए रखने के लिए भी पुलिस को निर्देशित किया गया।पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमलेश उपाध्याय ने सभी शिवभक्तों एवं श्रद्धालुओं से सुरक्षित, अनुशासित एवं जिम्मेदार यात्रा करने तथा यातायात एवं यात्रा व्यवस्थाओं में सहयोग करने की अपील की।निरीक्षण के दौरान पुलिस उपाधीक्षक उत्तरकाशी श्री जनक सिंह पंवार, प्रभारी निरीक्षक मनेरी श्री दीपक नौटियाल, चौकी प्रभारी भटवाड़ी श्री अजय रावत, बीआरओ के अधिकारी, अभियंता एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *