Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

राहुल गांधी 4 और 5 जून को उत्तराखंड दौरे पर : अल्मोड़ा में करेंगे जनसभा, कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश

पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में भी शामिल होंगे
देहरादून। कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी आगामी 4 और 5 जून को उत्तराखंड दौरे पर पहुंच रहे हैं। राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा जनपद में आयोजित कांग्रेस की विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। इसके अलावा वह पौड़ी में आयोजित पूर्व सैनिक सम्मेलन में भी शामिल होंगे। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने बताया कि राहुल गांधी के आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों में भारी उत्साह है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस संगठन जनसभा की तैयारियों में पूरी ताकत से जुटा हुआ है। गणेश गोदियाल ने कहा कि राहुल गांधी अपने उत्तराखंड दौरे के दौरान प्रदेश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी, पलायन और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों से आम जनता परेशान है। पेपर लीक जैसी गंभीर समस्याओं से युवाओं मेें आक्रोश व्याप्त है। रसोई गैस, पेट्रोल-डीजल और खाद्य पदार्थों की बढ़ती कीमतों ने मध्यम वर्ग और गरीब परिवारों की कमर तोड़ दी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर लगातार संघर्ष कर रही है और पार्टी की नीतियां युवाओं, किसानों, महिलाओं और गरीब वर्ग को मजबूत करने की दिशा में काम करती हैं। आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर भी पार्टी रणनीति तैयार कर रही है। 5 जून को राहुल गांधी पार्टी पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और संगठनात्मक मोर्चों के अध्यक्षों के साथ बैठक करेंगे। इस दौरान आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति और संगठन को मजबूत करने को लेकर व्यापक विचार-विमर्श किया जाएगा। वहीं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी राहुल गांधी के दौरे को लेकर उत्साह जताया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का उत्तराखंड दौरा कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भरने का काम करेगा। हरीश रावत ने कहा, आज मन में बहुत उत्साह है। मेरे नेता, संसद में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 4 जून को अल्मोड़ा आ रहे हैं। उनके आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में जबरदस्त जोश है। हमें उम्मीद है कि हम उनका भव्य स्वागत करेंगे।उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों को लेकर सड़क से संसद तक संघर्ष कर रही है और आने वाले समय में पार्टी प्रदेश में मजबूत विकल्प के रूप में उभरेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *