प्रदेश में 213 करोड़ रुपये की योजनाओं को मंजूरी
देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश में आधारभूत सुविधाओं के विकास, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने, किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनसुविधाओं के विस्तार के लिए कुल 213 करोड़ रुपये की वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृतियां प्रदान की हैं। स्वीकृत योजनाओं में कुम्भ मेला 2027 की तैयारियों, नंदा देवी राजजात यात्रा, सड़क निर्माण, पेयजल परियोजनाओं, धार्मिक स्थलों के विकास और कृषि ऋण से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्ताव शामिल हैं।मुख्यमंत्री ने वर्ष 2026 में आयोजित होने वाली नंदा देवी राजजात यात्रा की तैयारियों के तहत चमोली जिले के नलगांव भटियाणा मोटर मार्ग के किलोमीटर एक से दस तक डामरीकरण एवं सुधारीकरण कार्य के लिए 8.68 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की है। इसके अलावा कुम्भ मेला 2027 की व्यवस्थाओं के लिए पुलिस प्रशासन हेतु प्रस्तावित 35 करोड़ रुपये के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई है। प्रदेश में सड़क संपर्क को बेहतर बनाने के लिए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को स्वीकृति मिली है। उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर विधानसभा क्षेत्र में बिन्दुखेड़ा रायपुर मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए 3.95 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। देहरादून में रिस्पना पुल चंचल डेयरी से धर्मपुर चौक तक तीन लेन एलिवेटेड कॉरिडोर निर्माण के लिए 3.37 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। अल्मोड़ा जिले के जागेश्वर विधानसभा क्षेत्र में शहीद लांस नायक दिनेश सिंह ध्याड़ी मिरगांव मानेश्वर मोटर मार्ग के पुनर्निर्माण एवं सुधारीकरण के लिए 4.92 करोड़ रुपये तथा रुद्रप्रयाग जिले के ऊखीमठ क्षेत्र में ताला बरंगाली मोटर मार्ग के डामरीकरण एवं सुधारीकरण के लिए 3.17 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। बागेश्वर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत देवलधार, माईथान, लेटी और गिरेछीना मोटर मार्ग निर्माण के लिए 8.52 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। वहीं सितारगंज विधानसभा क्षेत्र के ग्राम गुरुग्राम में संपर्क मार्ग निर्माण के लिए 88.76 लाख रुपये तथा रंजीतनगर से सुरेन्द्रनगर होते हुए तारकनाथ मंदिर मार्ग के पुनर्निर्माण के लिए 1.79 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। धार्मिक एवं पर्यटन स्थलों के विकास को भी विशेष प्राथमिकता दी गई है। अल्मोड़ा जिले के सल्ट क्षेत्र में कुलान्टेश्वर महादेव मेला स्थल के सौंदर्यीकरण के लिए 50.08 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। धारचूला विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बौन में हयों गुरु देव एवं गैरेंग मंदिर के सौंदर्यीकरण, चारदीवारी और मुख्य प्रवेश द्वार निर्माण के लिए 85 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। द्वाराहाट विकासखंड के मांसी क्षेत्र में रामगंगा नदी तट पर स्थित राम पादुका मंदिर में स्नान घाट निर्माण के लिए 37.60 लाख रुपये तथा ग्राम सकुनी स्थित सुकेश्वर महादेव मंदिर के जीर्णाेद्धार के शेष कार्यों के लिए 1.25 करोड़ रुपये की स्वीकृति प्रदान की गई है। चम्पावत विधानसभा क्षेत्र में महिला प्रौद्योगिकी पार्क की स्थापना के लिए 60 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। हरिद्वार जिले के पिरान कलियर क्षेत्र के मेवड़ नागड़ श्मशान घाट में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए 16.49 लाख रुपये मंजूर किए गए हैं। पेयजल योजनाओं के क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए हैं। रुद्रप्रयाग जिले की अगस्त्यमुनि नगर पंचायत में छेनागाड़ पेयजल योजना के क्रियान्वयन के लिए 55.22 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी गई है। देहरादून के गंगोत्री विहार क्षेत्र में नलकूप खनन, राइजिंग मेन और संबंधित कार्यों के लिए 2.22 करोड़ रुपये मंजूर किए गए हैं। किसानों की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने के उद्देश्य से फसल कृषि )ण, वाणिज्यिक फसलों तथा सहकारी क्षेत्र की मिलों को )ण उपलब्ध कराने के लिए प्रावधानित 130 करोड़ रुपये के सापेक्ष 81.47 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति भी प्रदान की गई है। इस बीच मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा जिले के सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र स्थित ताकुला राजकीय प्राथमिक विद्यालय धौलरा का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी विद्याधर वैष्णव के नाम पर रखने के प्रस्ताव को भी मंजूरी प्रदान की है। सरकार का मानना है कि इससे स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को नई पीढ़ी तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। सरकार के अनुसार इन स्वीकृतियों से प्रदेश में आधारभूत ढांचे को मजबूती मिलेगी, धार्मिक और पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा, किसानों को राहत पहुंचेगी तथा स्थानीय स्तर पर रोजगार और विकास के नए अवसर सृजित होंगे।
