Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

आपरेशन नाइट स्ट्राइक, 35 गिरफ्तार, 38 वाहन सीज

एसएसपी के नेतृत्व में रात भर चला सघन चेकिंग अभियान, मचा हड़कम्प
देहरादून। वीकेंड की रात दून पुलिस ने सड़कों पर ऐसा सख्त पहरा बिठाया कि नियम तोड़ने वालों की शामत आ गई। देहरादून एसएसपी के नेतृत्व में चलाए गए ऑपरेशन नाइट स्ट्राइक के तहत पूरे जनपद में देर रात तक सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। मुख्यमंत्री के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन प्रहार के हिस्से के रूप में पुलिस की अलग-अलग टीमों ने बार, डीजे और सड़कों पर मोर्चा संभाले रखा। रात भर चली इस कार्रवाई में शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ पुलिस ने सबसे सख्त रुख अपनाया। अलग-अलग थाना क्षेत्रें से 35 लोगों को ड्रंक एंड ड्राइव के आरोप में गिरफ्तार कर हवालात भेजा गया। पुलिस की इस कार्रवाई से बेखौफ घूमने वालों को स्पष्ट संदेश दिया गया कि नियमों की अनदेखी अब भारी पड़ेगी। ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन पर पुलिस ने व्यापक स्तर पर चालान और जब्ती की कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 91 वाहन चालकों के चालान किए गए और 68,500 रुपये का जुर्माना वसूला गया। इसके साथ ही 38 वाहनों को सीज किया गया और 40 चालकों के कोर्ट चालान किए गए। देर रात सड़कों पर घूम रहे लोगों की गहन जांच और पूछताछ की गई। पुलिस ने 600 से अधिक व्यक्तियों को रोककर उनका सत्यापन किया। इस दौरान 75 संदिग्ध व्यक्तियों का पुलिस एक्ट में चालान किया गया, जबकि 18 संदिग्धों को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत हिरासत में लिया गया। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रें में लगातार प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए हैं, जिससे यह साफ हो गया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के लिए शहर में कोई जगह नहीं है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *