Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

काशीपुर(उद संवाददाता)। आईटीआई थाना पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर लोहिया पुल के समीप चेकिंग के दौरान एक वाहन को रोक कर उसमें से 231 कट्टे चावल व 9 कट्टे में 162 किलो गांजा बरामद किया। अवैध नशा सामग्री 163 पैकेट्स में पैक करके खपत के लिए उड़ीसा से दढियाल लाई जा रही थी। बरामद गांजा की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 45 लाख के आसपास आंकी जा रही है। नशा सामग्री के बड़े खेप की तस्करी चावलों की आड़ में पाए जाने को लेकर पुलिस के अधिकारी हैरत में है। फिलहाल पुलिस ने प्रयुक्त वाहन को सीज करते हुए गिरफ्तार नशा कारोबारी का संबंधित धाराओं में चालान कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक मणिकांत मिश्रा ने बीते दिवस मामले का खुलासा करते हुए बताया कि जरिए मुखबिर पुलिस को सूचना मिली कि एक नीले रंग के कैंटर संख्या यूके 23 टी/4835 में नशा कारोबारी चावलों की आड़ में बड़े पैमाने पर गांजा की तस्करी में लिप्त है। इसी सूचना पर कोतवाल कुंदन सिंह रौतेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बाजपुर रोड पर लोहिया पुल के समीप चेकिंग के दौरान उधर से होकर फर्राटा भर रहे कैंटर को रोक लिया। तलाशी लेने पर कैंटर में से पुलिस को 231 कट्टे चावल तथा चावलों के रैक के नीचे 9 कट्टे  में 163 पैकेट्स में 162 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ। गांजे की यह बड़ी खेप उड़ीसा से लाई जा रही थी। लगभग 45 लाख रुपए कीमत के अवैध गांजा के साथ पकड़े गए ग्राम भतगांव थाना भगतपुर जनपद मुरादाबाद उत्तर प्रदेश निवासी विक्की पुत्र खूब सिंह ने पुलिस को बताया कि गांजे की खेप खपत के लिए दढियाल लेकर जा रहा था। गिरफ्तार नशा कारोबारी से जरूरी जानकारी जुटाने के बाद पुलिस टीम ने प्रयुक्त कैंटर वाहन को सीज करते हुए अभियुक्त का संबंधित धाराओं में चालान कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश कर दिया

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *