Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हाईकोर्ट के निर्देश पर 19 दिन बाद कब्र से निकाला शव

परिजनों ने जताई थी हत्या की आशंका, 15 जून को होगी मामले की अगली सुनवाई
काशीपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र के कटोराताल चौकी अंतर्गत विजय नगर नई बस्ती निवासी 17 वर्षीय मुर्सलीन की संदिग्ध मौत के मामले में शुक्रवार को बड़ा घटनाक्रम सामने आया। हाईकोर्ट के आदेश पर मौत के 19 दिन बाद मुर्सलीन का शव कब्र से निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम के लिए हल्द्वानी मेडिकल कॉलेज भेजा गया। इस दौरान प्रशासन, पुलिस, फोरेंसिक विशेषज्ञों और परिजनों की मौजूदगी में पूरी प्रक्रिया संपन्न कराई गई। शुक्रवार सुबह एसडीएम अभय प्रताप सिंह, फोरेंसिक विशेषज्ञ डॉ- भूपेंद्र, पुलिस अधिकारियों और मृतक के परिजनों की उपस्थिति में नौगजा कब्रिस्तान में कब्र खोदने की कार्रवाई शुरू की गई। सुबह से रुक-रुक कर हो रही बूंदाबांदी के बीच करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद शव को बाहर निकाला गया। फोरेंसिक टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य भी एकत्र किए। गौरतलब है कि मुर्सलीन 16 मई की रात करीब 10 बजे घर से लापता हो गया था। अगले दिन 17 मई की सुबह उसका शव घर की तीसरी मंजिल पर बने एक कमरे में पंखे के पास पाइप से लटका हुआ मिला था। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हुआ था, जिसके बाद पोस्टमार्टम कर उसी दिन शाम को शव को सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया था। हालांकि मृतक के पिता इमरान अली ने शुरुआत से ही बेटे की मौत को संदिग्ध बताते हुए हत्या की आशंका जताई थी। उन्होंने पुलिस को दी तहरीर में आरोप लगाया था कि उनके बेटे की कहीं और हत्या कर शव को फंदे पर लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया। परिजनों का यह भी आरोप है कि मुर्सलीन की एक किशोरी से मित्रता थी और किशोरी का बड़ा भाई उसे लगातार धमकियां दे रहा था। परिजनों के अनुसार घटना वाली रात मुर्सलीन दो बार किशोरी से मिलने उसके घर गया था तथा उसके मोबाइल फोन से किशोरी को तीन बार कॉल भी की गई थी। इन तथ्यों को आधार बनाकर परिजनों ने हाईकोर्ट का दरवाजा खटखटाया और निष्पक्ष जांच के लिए दोबारा पोस्टमार्टम कराने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए हाईकोर्ट की एकलपीठ ने शव को कब्र से निकालकर राजकीय मेडिकल कॉलेज हल्द्वानी के विशेषज्ञ चिकित्सकों के पैनल से पुनः पोस्टमार्टम कराने के निर्देश दिए थे। अदालत के आदेश के बाद शुक्रवार को यह कार्रवाई अमल में लाई गई। इस दौरान क्षेत्रधिकारी प्रशांत कुमार, कोतवाल हरेंद्र सिंह, एसआई गणेश पांडेय, एसआई कौशल भाकुनी सहित भारी पुलिस बल मौके पर तैनात रहा। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पैनल पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। बताया जा रहा है कि मामले की अगली सुनवाई 15 जून को हाईकोर्ट में निर्धारित है। अब सभी की निगाहें पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी हैं, जिससे मुर्सलीन की मौत के रहस्य से पर्दा उठने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *