अब देहरादून कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी
खाली कराया गया परिसर,जिला जज कार्यालय को मिला धमकी भरा मेल
देहरादून (उद संवाददाता)। उत्तराखंड के विभिन्न जिलों में न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों के बीच अब राजधानी देहरादून के जिला न्यायालय को भी निशाना बनाने की चेतावनी दी गई है। बुधवार को जिला जज कार्यालय को मिले एक धमकी भरे ईमेल से कोर्ट परिसर में हड़कंप मच गया। खबर फैलते ही सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं और एसएसपी सिटी प्रमेंद्र डोबाल भारी पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते के साथ मौके पर पहुँचे। सुरक्षा के दृष्टिगत सभी जजों, अधिवक्ताओं और वादकारियों को तत्काल कोर्ट रूम से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाया गया और पूरे परिसर को खाली कराकर बैरिकेडिंग कर दी गई। शुरुआती जांच में इस धमकी भरे मेल के पीछे किसी पाकिस्तानी संगठन का हाथ होने की आशंका जताई जा रही है। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मनमोहन कंडवाल ने पुष्टि की कि जिला जज कार्यालय को यह मेल प्राप्त हुआ था, जिसके बाद पुलिस प्रशासन को सूचित किया गया। डॉग स्क्वायड और खुफिया एजेंसियों ने कोर्ट के चप्पे-चप्पे की सघन तलाशी ली। गौरतलब है कि उत्तराखंड के न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकियों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। इससे पहले नैनीताल जिला न्यायालय, रूद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, टिहरी गढ़वाल और अल्मोड़ा कोर्ट को भी इसी तरह बम से उड़ाने की धमकी मिल चुकी है। राहत की बात यह है कि अब तक मिली ये सभी धमकियां और घोषणाएं पूरी तरह फर्जी निकली हैं और जांच में कहीं भी कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। सोमवार को उत्तरकाशी और नैनीताल न्यायालय में ऐसी ही धमकियों के बाद सुरक्षा बढ़ाई गई थी। बार-बार मिल रही इन फर्जी धमकियों को देखते हुए पुलिस इसे असामाजिक तत्वों की सोची-समझी शरारत मान रही है, जिसका उद्देश्य न्याय व्यवस्था में भय और व्यवधान पैदा करना है। फिलहाल, साइबर सेल इन मेल के स्रोत की गहनता से जांच कर रही है ताकि फर्जी सूचना फैलाने वालों को बेनकाब किया जा सके।
