February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

रुद्रपुर में बनेगा शिव कारिडोर

मेयर विकास शर्मा का ऐलान,डमरू चौक, कैलाश पर्वत, शिव परिवार की प्रतिमाओं के साथ नैनीताल रोड पर शिव-थीम पेंटिंगों से सजेगा पूरा मार्ग
रूद्रपुर। नगर को धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान देने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मेयर विकास शर्मा ने रुद्रपुर में भव्य शिव कॉरिडोर के निर्माण का ऐलान किया है। शिव कारिडोर की रूपरेखा तैयार होनी शुरू हो गई है और इसे धरातल पर उतारना शुरू कर दिया है। इसकी पहली कड़ी के रूप में इंदिरा चौक में त्रिशूल स्थापित कर उसका नाम त्रिशूल चौक रखा गया है। मेयर के अनुसार आने वाले समय में डी डी चौक पर डमरू की स्थापना कर उसे डमरू चौक नाम दिया जाएगा, जबकि नैनीताल रोड पर कैलाश पर्वत और शिव परिवार की प्रतिमाएं स्थापित कर पूरे मार्ग को शिव कॉरिडोर का स्वरूप दिया जाएगा। इसके साथ ही नैनीताल रोड के दोनों ओर भगवान शिव से संबंधित भव्य पेंटिंग की दीवार बनाई जाएंगी, जिनमें शिव परिवार के स्वरूपों को कलात्मक ढंग से उकेरा जाएगा। इन पेंटिंगों को एक विशेष डिजाइन के तहत श्रृंखलाबद्ध रूप में स्थापित किया जाएगा, ताकि पूरा मार्ग एक आकर्षक शिव-थीम कॉरिडोर के रूप में नजर आए।मेयर विकास शर्मा ने कहा कि रुद्रपुर का नाम भगवान शिव के रुद्र स्वरूप से जुड़ा है और इसी भाव को नगर की पहचान से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही भोले के धाम कैलाश मानसरोवर जाने के लिए उत्तराखंड के यह प्रवेश द्वार के रूप में भी जाना जाता है। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश की सीमा पार कर उत्तराखंड में प्रवेश करते ही यात्रियों और पर्यटकों को ऐसा अनुभव हो कि वे शिव नगरी में प्रवेश कर रहे हैं। इसी उद्देश्य से नगर के प्रमुख मार्गों और चौराहों को धार्मिक प्रतीकों और कलाकृतियों से सजाने की विस्तृत रूपरेखा तैयार जा रही है। श्री शर्मा ने कहा कि शिव कॉरिडोर न केवल धार्मिक आस्था को सशक्त करेगा, बल्कि पर्यटन को भी बढ़ावा देगा। इससे शहर की सुंदरता बढ़ेगी और रुद्रपुर को एक नई पहचान मिलेगी। उन्होंने यह भी बताया कि इस पूरे अभियान में आम जनता का भरपूर सहयोग मिल रहा है और उनके द्वारा नए-नए विचार दिए जा रहे हैं। नगर निगम इसे चरणबद्ध तरीके से पूरा करेगा। लोगों का मानना है कि शिव कॉरिडोर बनने से रुद्रपुर आध्यात्मिक पर्यटन केंद्र के रूप में उभरेगा और शहर विकास के नए अध्याय में प्रवेश करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *