नैनीताल बैंक ने चेली भूली छात्रवृत्ति से 78 मेधावी छात्रओं को किया सम्मानित
हल्द्वानी। नैनीताल बैंक द्वारा वर्ष 2025 26 की चेली भूली छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत कुमाऊं मंडल की 78 मेधावी छात्राओं को एमबी डिग्री कॉलेज के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में छात्रवृत्ति प्रदान की गई। इस अवसर पर अल्मोड़ा जिला चिकित्सालय को एक नई एंबुलेंस भी भेंट की गई, जिसे आयुक्त और सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत तथा प्रबंध निदेशक सुशील कुमार लाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। कार्यक्रम में हाईस्कूल के मेधावी छात्र अक्षत गोपाल ने 98.2 प्रतिशत अंक प्राप्त किए, जबकि इंटर की मेधावी छात्राएं कुमारी सुशीला और दीपिका ने 98.2 प्रतिशत अंक हासिल कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। इन छात्राओं को 5100 5100 रुपये की धनराशि और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। अपने संबोधन में कुमाऊं आयुक्त और सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत ने छात्राओं को प्रेरित करते हुए कहा कि यदि उनमें सीखने की तीव्र इच्छा और जिज्ञासा है तो वे जीवन में कोई भी लक्ष्य हासिल कर सकती हैं। उन्होंने कहा कि छात्राएं अपने करियर का चयन अपनी रुचि के अनुसार करें और यह सोचें कि वे समाज को क्या बेहतर दे सकती हैं। उन्होंने आत्म जागरूकता, जुनून और सामाजिक योगदान को सफलता का आधार बताया और कहा कि करियर केवल आजीविका नहीं बल्कि व्यक्तिगत संतुष्टि और समाज सेवा का माध्यम होना चाहिए। उन्होंने नैनीताल बैंक द्वारा मेधावी छात्राओं के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए इसे शिक्षा के क्षेत्र में सराहनीय पहल बताया। इस अवसर पर प्रबंध निदेशक सुशील कुमार लाल ने जानकारी दी कि बैंक द्वारा 39 हाईस्कूल की प्रत्येक मेधावी छात्रा को 20 हजार रुपये तथा 39 इंटर की प्रत्येक मेधावी छात्रा को 39 हजार रुपये की छात्रवृत्ति प्रदान की गई है। उन्होंने कहा कि बैंक समाज के उत्थान के लिए प्रतिबद्ध है और चेली भूली योजना के माध्यम से बालिकाओं की शिक्षा को बढ़ावा देना उसकी प्राथमिकता है। कार्यक्रम में एमबी डिग्री कॉलेज के प्राचार्य एन एस बनकोटी, नैनीताल बैंक के सीएफओ महेश कुमार गोयल, रीजनल हेड राहुल प्रधान, डीआरएम नैनीताल मनोज डालाकोटी, डीआरएम अल्मोड़ा डी एस कठायत, राहुल साह, हर्षवर्धन साह, मयंक थपलियाल, चन्द्रशेखर कन्याल सहित कुमाऊं मंडल की मेधावी छात्राएं और उनके परिजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
