Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

नई टिहरी में बाजार बंद : मेडिकल कॉलेज स्थानांतरण की चर्चा पर फूटा गुस्सा,सड़कों पर उतरे लोग

नई टिहरी (उद संवाददाता)। प्रस्तावित टिहरी मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी से गजा क्षेत्र के पिफल्टी में स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं के विरोध में शुक्रवार को जिला मुख्यालय में व्यापक जनाक्रोश देखने को मिला। टिहरी मेडिकल कॉलेज संयुक्त संघर्ष समिति के बैनर तले बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी, सामाजिक कार्यकर्ता, ग्रामीण और स्थानीय नागरिक सड़कों पर उतर आए। प्रदर्शनकारियों ने जनाक्रोश रैली निकालकर मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी से अन्यत्र नहीं ले जाने की मांग की। विरोध प्रदर्शन के दौरान नई टिहरी, बौराड़ी और बीपुरम बाजार पूरी तरह बंद रहे। संघर्ष समिति के नेतृत्व में आयोजित धरना प्रदर्शन और रैली में वक्ताओं ने कहा कि मेडिकल कॉलेज को लेकर पूरे टिहरी क्षेत्र की जनता एकजुट है और किसी भी कीमत पर इसे जिला मुख्यालय से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने मेडिकल कॉलेज का स्थान बदला तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। संघर्ष समिति के संयोजक डॉ- राकेश भूषण गोदियाल और बार एसोसिएशन के अध्यक्ष जयवीर सिंह रावत ने कहा कि वर्ष 2022 23 में नई टिहरी के इणियां क्षेत्र में मेडिकल कॉलेज निर्माण की प्रक्रिया शुरू की गई थी। शासन के निर्देशों के अनुसार टीएचडीसी ने प्रारंभिक निर्माण संबंधी कार्रवाई भी आरंभ कर दी थी। इसके बावजूद अब मेडिकल कॉलेज को अन्य स्थान पर स्थानांतरित किए जाने की चर्चाओं से क्षेत्र की जनता में भारी आक्रोश है। वक्ताओं ने कहा कि दो मुख्यमंत्रियों की घोषणाओं के बाद भी यदि मेडिकल कॉलेज को नई टिहरी से हटाया जाता है तो यह क्षेत्र की जनता के साथ अन्याय होगा। उन्होंने सरकार से पूर्व में लिए गए निर्णय को यथावत रखते हुए मेडिकल कॉलेज का निर्माण जिला मुख्यालय में ही कराने की मांग की। संघर्ष समिति ने कहा कि यदि मेडिकल कॉलेज को अन्यत्र स्थानांतरित करने का प्रयास किया गया तो क्षेत्रवासी उग्र जन आंदोलन शुरू करने को बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन प्रशासन की होगी। प्रदर्शन में समिति अध्यक्ष डॉ- राकेश भूषण गोदियाल, व्यापार मंडल अध्यक्ष भगवान सिंह, महामंत्री मनोज चमोली, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष राकेश राणा, महिला कांग्रेस जिलाध्यक्ष आशा रावत, महिपाल नेगी, शिवराज सजवाण, सुंदर लाल उनियाल, गंगाभगत सिंह नेगी, भूपेंद्र चौहान, संदीप रावत, राहुल बुटोला, जीत राम भट्टð, राजीव रावत, नवीन सेमवाल, अनीता रावत, ममता उनियाल, मुशरफ अली, सोहन सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, व्यापारी और स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *