मुख्य न्यायाधीश की पुत्री के विवाह समारोह में पहुंचेंगे मुख्यमंत्री और राज्यपाल समेत कई वीवीआईपी
रामनगर (उद संवाददाता)। पर्यटन नगरी और वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में पहचान बना चुके रामनगर में रविवार को उत्तराखंड हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति मनोज कुमार की पुत्री का विवाह समारोह आयोजित होगा। समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) सहित कई विशिष्ट अतिथियों के शामिल होने की संभावना को देखते हुए पूरे शहर में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं। योग गुरु बाबा रामदेव के भी समारोह में पहुंचने की संभावना है। इसके अलावा देश के विभिन्न उच्च न्यायालयों और न्याय पालिका से जुड़े कई न्यायाधीशों के भी कार्यक्रम में शामिल होने की उम्मीद है। वीआईपी आगमन को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने शहर में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है, जबकि कई स्थानों पर यातायात व्यवस्था में बदलाव कर मार्गों को वन वे किया गया है, ताकि वीआईपी आवागमन के दौरान आम यातायात प्रभावित न हो और सुरक्षा व्यवस्था सुचारु बनी रहे। पुलिस प्रशासन ने लखनपुर से चोरपानी तक सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने के निर्देश दिए हैं। इसके अलावा कॉर्बेट टाइगर रिजर्व से सटे कोटद्वार रोड को भी पूरी तरह खाली रखा गया है, ताकि आवश्यकता पड़ने पर वीआईपी काफिले का आवागमन इसी मार्ग से कराया जा सके। समारोह की सुरक्षा व्यवस्था को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को राजकीय महाविद्यालय सभागार में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ- जगदीश चंद्र ने डड्ढूटी पर तैनात अधिकारियों और पुलिस कर्मियों की विस्तृत ब्रीफिंग की। उन्होंने कार्यक्रम स्थल, वीआईपी रूट तथा आसपास के क्षेत्रें में सुरक्षा के सभी प्रबंध सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने, प्रभावी चेकिंग अभियान संचालित करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश भी दिए। एसएसपी ने डड्ढूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को निर्देशित किया कि सुरक्षा व्यवस्था के साथ साथ आम नागरिकों के साथ शालीन एवं विनम्र व्यवहार भी सुनिश्चित किया जाए, जिससे लोगों को अनावश्यक असुविधा का सामना न करना पड़े। ब्रीफिंग के दौरान पुलिस अधीक्षक नगर मनोज कुमार कत्याल, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, क्षेत्रधिकारी विमल प्रसाद, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक सुशील कुमार, कालाढूंगी प्रभारी निरीक्षक अरुण सैनी सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे जारी यातायात व्यवस्था का पालन करें, वीआईपी रूट पर अनावश्यक रूप से वाहन खड़े न करें तथा सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें, जिससे विवाह समारोह शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।
