केमू की बस पलटने एक की मौत, आठ घायल
खुपी क्षेत्र में टैक्सी को ओवरटेक करने के प्रयास में हुआ हादसा
नैनीताल (उद संवाददाता)। खुपी क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें हल्द्वानी से डीडीहाट जा रही केमू की बस अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई। इस हादसे में एक यात्री की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि आठ अन्य यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और दमकल विभाग की टीमों ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आपदा कंट्रोल रूम नैनीताल को दुर्घटना की सूचना सुबह 07ः27 बजे मिली, जिसके तुरंत बाद एसडीआरएफ पोस्ट नैनीताल से उप निरीक्षक मनीष भाकुनी के नेतृत्व में टीम रेस्क्यू उपकरणों के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हुई। बताया जा रहा है कि केमू की बस संख्या यूके 04पीए 1112 हल्द्वानी से डीडीहाट की ओर जा रही थी और उसमें लगभग 14 से 16 यात्री सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, खुपी क्षेत्र में बस ने भवाली की ओर जा रहे एक टैक्सी वाहन को ओवरटेक करने की कोशिश की, तभी दोनों वाहनों में जोरदार टक्कर हो गई और बस संतुलन खोकर सड़क पर ही पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। स्थानीय ग्रामीणों और राहगीरों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घायलों को बस से बाहर निकालने में मदद की। एसडीआरएफ और पुलिस की टीम ने त्वरित रेस्क्यू अभियान चलाते हुए बस में फंसे सभी यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही जान चली गई, जिसका शव पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घायलों में एक महिला की स्थिति अत्यंत गंभीर बनी हुई है। सभी आठ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए भवाली और हल्द्वानी के सुशीला तिवारी अस्पताल भेजा गया है। हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम प्रमोद कुमार और तहसीलदार कुलदीप पांडेय ने अस्पताल पहुंचकर घायलों का हाल-चाल जाना और अस्पताल प्रशासन को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। इस दौरान सुशीला तिवारी अस्पताल के प्राचार्य गोविंद तितीयाल भी मौजूद रहे।
