February 17, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

तहसीलों में निजी व्यक्तियों की दखलंदाजी बर्दाश्त नहींः डीएम

हल्द्वानी। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने सोमवार को हल्द्वानी कैंप कार्यालय में मासिक स्टाफ बैठक की अध्यक्षता करते हुए राजस्व विभाग के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। बैठक में जिलाधिकारी ने राजस्व एवं नागरिक सेवाओं से जुड़े लंबित मामलों के त्वरित निस्तारण पर जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि विरासतन, नामांतरण और भूमि विवादों से संबंधित प्रकरणों में किसी भी प्रकार की देरी न की जाए। राजस्व मजिस्ट्रेटों को निर्देशित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि अधीनस्थ न्यायालयों में लंबित पुराने वादों के समयबद्ध निस्तारण हेतु नियमित रूप से न्यायालय में बैठकर सुनवाई की जाए। पारदर्शिता के लिए उन्होंने आदेश दिया कि सभी मजिस्ट्रेट अपने न्यायालय कक्ष के बाहर एक बोर्ड लगाएंगे, जिस पर न्यायालय में बैठने का दिन और तिथि स्पष्ट रूप से अंकित होगी। प्रशासन की छवि को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि तहसीलों के कामकाज में किसी भी निजी व्यक्ति की दखलंदाजी स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि तहसील स्तर से किसी भी प्रकार की भ्रष्टाचार या लापरवाही की शिकायत प्राप्त होने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। उन्होंने राजस्व प्रमाण पत्रों को निर्धारित समय सीमा के भीतर जारी करने और ग्राम स्तर पर चौपाल लगाकर विवादों को सुलझाने के निर्देश दिए। राजस्व वसूली की समीक्षा करते हुए डीएम ने लक्ष्य के सापेक्ष शत-प्रतिशत वसूली सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रत्येक सप्ताह संग्रह अमीनों की कार्यकुशलता की समीक्षा की जाए। यदि किसी अमीन की वसूली औसत से कम पाई जाती है, तो उसके विरुद्ध कार्रवाई की जाए। इसके अतिरिक्त आबकारी विभाग को जनपद में अवैध मदिरा की बिक्री और तस्करी रोकने के लिए नियमित छापेमारी करने के कड़े निर्देश दिए गए। विभिन्न आयोगों के लंबित प्रकरणों पर जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद स्तर से जाने वाली रिपोर्ट समय पर भेजी जाए और किसी भी स्तर पर निष्क्रियता न दिखाई जाए। उन्होंने तीन माह से अधिक समय से लंबित वादों और मजिस्ट्रियल जांचों को समयबद्ध तरीके से निस्तारित करने की हिदायत दी। बैठक में अपर जिलाधिकारी विवेक राय, पुलिस अधीक्षक ;नगरद्ध मनोज कत्याल, सिटी मजिस्ट्रेट हल्द्वानी एपी बाजपेयी सहित सभी उप जिलाधिकारी, तहसीलदार और अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *