Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बस और बाइक की भिड़ंत के बाद लगी भीषण आग

हल्द्वानी (उद संवाददाता)। लामाचौड़ इलाके में शनिवार रात एक प्राइवेट बस और एवेंजर बाइक के बीच हुई जोरदार टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई। गनीमत यह रही कि इस भयानक हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं।जानकारी के अनुसार, शनिवार रात एक प्राइवेट बस हल्द्वानी से कालाढूंगी की ओर जा रही थी। लामाचौड़ के समीप सामने से आ रही एक तेज रफ्तार एवेंजर बाइक सीधे बस के बोनट से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक की तेल की टंकी फट गई और पेट्रोल सड़क पर फैलने से आग लग गई। देखते ही देखते आग की लपटों ने बाइक और बस के अगले हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। घटना से मौके पर अफरा- तफरी मच गई। सूचना मिलते ही एफएसओ मिंदर पाल सिंह के नेतृत्व में दमकल की टीम मौके पर पहुँची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।राहत की बात यह रही कि हादसे के समय बस में यात्री सवार नहीं थे, जिससे एक बड़ी त्रसदी टल गई। हालांकि, बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई और बस के इंजन को भी भारी नुकसान पहुँचा है। घटना के तुरंत बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गया। पुलिस अब बाइक के नंबर के आधार पर चालक की तलाश कर रही है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि हादसा ओवर स्पीडिंग या नशे की स्थिति के कारण तो नहीं हुआ। पुलिस ने फरार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने शुरू कर दिए हैं। स्थानीय प्रशासन ने वाहन चालकों से रात के समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *