गृह मंत्री शाह कल हरिद्वार में,मुख्य सचिव और डीजीपी ने परखीं व्यवस्थाएं
हरिद्वार (उद संवाददाता)। केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के 7 मार्च को प्रस्तावित हरिद्वार भ्रमण को लेकर शासन-प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हो गया है। कार्यक्रम की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शुक्रवार को मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और गृह सचिव शैलेश बगौली सहित शासन के वरिष्ठ अधिकारियों ने बैरागी द्वीप स्थित कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने कार्यक्रम स्थल पर बनाए गए भव्य पांडाल, मंच, वीआईपी बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल और विद्युत आपूर्ति का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने सुरक्षा प्रबंधों और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को कड़े दिशा-निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान राज्य की विकास यात्र और नए कानूनों से संबंधित प्रस्तावित प्रदर्शनी की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। मुख्य सचिव ने स्पष्ट किया कि केन्द्रीय गृह मंत्री का यह भ्रमण अत्यंत महत्वपूर्ण है, इसलिए सभी व्यवस्थाएं त्रुटिरहित, सुव्यवस्थित और समयबद्ध ढंग से पूरी की जाएं। उन्होंने अधिकारियों को हिदायत दी कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सुरक्षा चक्र और ट्रैफिक प्लान को लेकर पुलिस अधिकारियों को ब्रीफ किया। निरीक्षण के दौरान सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन, गढ़वाल आयुक्त विनय शंकर पाण्डे, एडीजी अजय प्रकाश अंशुमन, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने अब तक की गई तैयारियों का विस्तृत ब्यौरा पेश किया। इस मौके पर एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर, एमडी सिडकुल सौरभ गहरवार सहित जिला प्रशासन और पुलिस के तमाम वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन का पूरा प्रयास है कि गृह मंत्री के इस हाई-प्रोफाइल दौरे के दौरान सुरक्षा और सुविधा के सभी मानक चाक-चौबंद रहें।
