Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

कार की टक्कर से तीन बच्चों सहित होमगार्ड घायल

स्कूल छोड़ने जाते समय हुआ हादसा, अज्ञात कार चालक मौके से फरार
रामनगर (उद संवाददाता)। रामनगर कोतवाली में तैनात एक होमगार्ड और उनके तीन मासूम बच्चे उस वक्त सड़क हादसे का शिकार हो गए, जब वे बाइक से स्कूल जा रहे थे। अज्ञात कार की टक्कर से चारों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम कामदेवपुर पीरुमदारा निवासी होमगार्ड प्रमोद कुमार सोमवार सुबह अपनी बाइक से अपने तीन बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रहे थे। घायलों में उनकी 12 वर्षीय बेटी महक, 14 वर्षीय बेटी इशिका और 5 वर्षीय पुत्र हिमांश शामिल हैं। जैसे ही वे ग्राम ललितपुर स्थित स्कूल के पास एक मोड़ पर पहुंचे, तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात कार चालक ने तेज और लापरवाही से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार चारों लोग सड़क पर गिरकर लहूलुहान हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने तत्काल 108 एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार चल रहा है। पीड़ित प्रमोद कुमार ने बताया कि घटना के बाद आरोपी कार चालक मौके से वाहन सहित फरार हो गया। घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है। पुलिस ने मामले की जानकारी जुटाकर अज्ञात कार चालक की तलाश शुरू कर दी है। पीड़ित ने पुलिस प्रशासन से आरोपी के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्यवाही करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *