Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

लव जिहाद के खिलाफ सड़कों पर उतरे हिंदू संगठन

रामनगर(उद संवाददाता)।रामनगर में हाल ही में सामने आए कथित लव जिहाद प्रकरण के विरोध में शुक्रवार को हिंदूवादी संगठनों द्वारा एक बड़ी जन जागरूकता आक्रोश रैली का आयोजन किया गया। मामले को लेकर क्षेत्र का सामाजिक और राजनीतिक माहौल गरमाया हुआ है, जबकि प्रशासन ने पूरी सतर्कता के साथ शांति व्यवस्था बनाए रखी। रैली का नेतृत्व कर रहे हिंदू संगठन के नेता मदन जोशी ने इस अवसर पर कहा कि पिछले सप्ताह की घटना ने क्षेत्र की शांति को भंग किया है। एक हिंदू किशोरी को गुमराह कर उसके साथ गलत कृत्य किया गया। ऐसे मामले हमारी संस्कृति और सामाजिक ताने-बाने पर सीधा हमला हैं। उन्होंने राज्य सरकार से आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाकर कठोर कार्रवाई करने की मांग की ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने कहा कि रामनगर जैसे शांत क्षेत्र में बार-बार इस प्रकार की घटनाएं होना गंभीर चिंता का विषय है। रैली में सैकड़ों की संख्या में स्थानीय नागरिक, महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और बच्चे शामिल हुए। रैली की शुरुआत पीएनजी पीजी कॉलेज से हुई, जो नगर के मुख्य मार्गों से होती हुई सभा स्थल पर पहुंची। हाथों में पोस्टर, बैनर और नारों के माध्यम से लोगों ने अपने आक्रोश और मांगों को सार्वजनिक किया। रैली के दौरान महिलाओं को जागरूक करने पर विशेष बल दिया गया। आयोजकों ने कहा कि समाज को सतर्क और सजग करने की आवश्यकता है। रैली के दौरान पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई थी ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। तमाम आक्रोश और नारों के बावजूद रैली शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। हिंदू संगठनों ने राज्य सरकार को चेतावनी दी कि यदि इस मामले में जल्द कड़ी कार्रवाई नहीं होती, तो आंदोलन को और अधिक उग्र रूप दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमारी मांग स्पष्ट है आरोपी के विरुद्ध सख्त से सख्त कदम उठाए जाएं, ताकि कानून का डर समाज में बना रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *