Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

गुलदार ने ग्रामीण को बनाया निवाला,हंगामा

आक्रोशित ग्रामीणों ने वन विभाग और प्रशासन की टीम को बनाया बंधक
पौड़ी (उद संवाददाता)। जनपद के कोट ब्लॉक अंतर्गत बलमणा गांव में सोमवार देर शाम गुलदार ने एक व्यक्ति को अपना निवाला बना लिया, जिससे पूरे क्षेत्र में दहशत और भारी आक्रोश व्याप्त है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय प्रकाश लाल के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गुलदार ने प्रकाश लाल पर हमला कर उन्हें मार डाला और शव को सड़क से नीचे घसीट ले गया। घटना की जानकारी मंगलवार सुबह मिलने के बाद ग्रामीण भड़क उठे। गुलदार के बढ़ते आतंक और वन विभाग की कथित लापरवाही से नाराज ग्रामीणों ने मौके पर पहुँची वन विभाग और प्रशासन की टीम को एक कमरे में बंद कर दिया और जमकर नारेबाजी की। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से गुलदार की सक्रियता बढ़ी हुई है, जिसकी सूचना बार-बार देने के बावजूद विभाग ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया। इस घटना के बाद से ग्रामीण घरों से बाहर निकलने और बच्चों को स्कूल भेजने में डर महसूस कर रहे हैं। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षेत्र में तुरंत सरकारी शूटर तैनात किया जाए ताकि आदमखोर गुलदार से निजात मिल सके। गौरतलब है कि इससे पूर्व जनवरी 2026 में भी बाड़ा गांव में गुलदार ने एक व्यक्ति को अपना शिकार बनाया था। डीएफओ पौड़ी महातिम यादव ने बताया कि वह स्वयं मौके पर मौजूद हैं और ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए उनकी समस्याओं का समाधान निकालने का प्रयास किया जा रहा है। वन विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है और क्षेत्र में गश्त बढ़ाने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *