बागेश्वर पहुंचे गणेश गोदियाल: बद्रीनाथ चढ़ावा मामले की निष्पक्ष जांच की मांग, धामी सरकार पर साधा निशाना
भगवान बागनाथ मंदिर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ की पूजा-अर्चना
बागेश्वर, 4 जुलाई। उत्तराखंड कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गणेश गोदियाल ने शनिवार को परिवर्तन संकल्प सम्मेलन के तहत बागेश्वर पहुंचकर प्रदेश सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और धार्मिक स्थलों के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने भगवान बागनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की और बाद में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ मौन रखकर अयोध्या श्री राम मदिर दान चोरी विवाद को लेकर शांतिपूर्ण विरोध भी दर्ज कराया। मीडिया से बातचीत में गणेश गोदियाल ने बद्रीनाथ धाम में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं पर चिंता जताते हुए कहा कि इस प्रकार के आरोपों से पूरा प्रदेश आहत है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा नामित लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां, विशेषकर कैश काउंटर जैसी संवेदनशील जगहों पर नियुक्त किया गया, जिससे कई सवाल खड़े होते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई जनता के सामने लानी चाहिए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर प्रतिक्रिया देते हुए गोदियाल ने कहा कि भले ही वह प्रदेश के सबसे लंबे समय तक मुख्यमंत्री रहने वाले नेता बन गए हों, लेकिन उनके कार्यकाल में भ्रष्टाचार चरम पर है, युवा हताश हैं और आम जनता परेशान है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से काम करने में विफल रही है। विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता टिकट की दावेदारी कर रहे हैं और पार्टी नेतृत्व उन कार्यकर्ताओं के सम्मान तथा हितों की रक्षा करेगा, जिन्होंने संगठन को मजबूत करने में योगदान दिया है। इससे पहले गणेश गोदियाल ने भगवान बागनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की। इसके बाद कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के साथ मंदिर परिसर में मौन रखकर धार्मिक स्थलों के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के विरोध में शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। इस अवसर पर कांग्रेस के सह-प्रभारी मनोज यादव, विधायक हरीश धामी, पूर्व सांसद प्रदीप टम्टा, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण, पूर्व विधायक हिमेश खर्कवाल, पूर्व जिपं अध्यक्ष हरीश ऐठानी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग उपस्थित रहे।


