October 2, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

अल्मोड़ा और बागेश्वर में श्रद्धापूर्वक मनाई गई गांधी जयंती

अल्मोड़ा/बागेश्वर। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर दोनों जनपदों में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस दौरान उनके जीवन, आदर्शों और राष्ट्र निर्माण में योगदान को याद किया गया।अल्मोड़ा कलेक्ट्रेट में जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर पुष्प अर्पित कर माल्यार्पण किया। कार्यक्रम में महात्मा गांधी के प्रिय भजनों की प्रस्तुति दी गई। जिलाधिकारी ने कहा कि सत्य, अहिंसा, सादगी और कर्तव्यनिष्ठा के आदर्श आज भी समाज को दिशा प्रदान करते हैं। उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों से इन आदर्शों को अपने दैनिक जीवन में अपनाते हुए ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ जनसेवा करने का आह्वान किया।अपर जिलाधिकारी युक्ता मिश्र ने भी दोनों महापुरुषों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने गांधी और शास्त्री के जीवन को त्याग, अनुशासन और देशसेवा की प्रेरणा बताया। इससे पूर्व नगर में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। जनपद के अन्य सरकारी कार्यालयों में भी दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर उनके आदर्शों का स्मरण किया गया।कार्यक्रम में उप जिलाधिकारी संजय कुमार, उप जिलाधिकारी जसमीत कौर, मुख्य कोषाधिकारी वीरेंद्र रावत सहित कलेक्ट्रेट के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

वहीं बागेश्वर में भी गांधी जयंती एवं लाल बहादुर शास्त्री जयंती पर सभी शासकीय कार्यालयों में श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम आयोजित किए गए। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अपूर्वा पाण्डे ने दोनों महापुरुषों के चित्रों पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।इस अवसर पर ‘रघुपति राघव राजा राम’ सहित महात्मा गांधी के प्रिय भजनों एवं कीर्तन की प्रस्तुति दी गई। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वच्छता तथा अपने दायित्वों के प्रति सजग रहने की शपथ दिलाई। उन्होंने दोनों महापुरुषों के आदर्शों से प्रेरणा लेकर अपने दायित्वों का निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *