Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

उत्तराखण्ड में आसमान से बरस रही आग: देहरादून, हरिद्वार और उधम सिंह नगर में 41 डिग्री पार पारा

देहरादून। उत्तराखंड इन दिनों मौसम के दोहरे प्रहार से जूझ रहा है। राज्य के मैदानी जिले भीषण गर्मी और हीट वेव की चपेट में हैं। मौसम विज्ञान विभाग ने देहरादून, हरिद्वार, पौड़ी, उधम सिंह नगर और नैनीताल जिलों के लिए हीट वेव का रेड और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। हालात ऐसे हैं कि मैदानों में सुबह से ही सूरज आग उगलना शुरू कर दे रहा है और दोपहर होते-होते सड़कें सुनसान नजर आने लगती हैं। उत्तराखंड में तेज लू से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट हो गया है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी व स्वास्थ्य मंत्री सुबोध उनियाल के निर्देश पर विभाग ने सभी जिलों को तेज लू से निपटने के लिए दिशानिर्देश जारी कर दिये है। अस्पतालों में लू के कारण बीमार मरीजों के इलाज के लिए अलग कक्ष, दवाईयों की उपलब्धता व प्रतिदिन रिपोर्टिंग अनिवार्य की गई। मौसम विभाग के अनुसार उधम सिंह नगर और हरिद्वार में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है, जबकि देहरादून में पारा 40 डिग्री के करीब दर्ज किया गया। पौड़ी और नैनीताल जैसे इलाकों में भी सामान्य से अधिक गर्मी महसूस की जा रही है। गर्म हवाओं और उमस ने लोगों का जनजीवन प्रभावित कर दिया है। बाजारों में दोपहर के समय सन्नाटा पसरा नजर आ रहा है और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं। भीषण गर्मी को देखते हुए कई जिलों में स्कूलों के समय में बदलाव किया गया है। प्रशासन ने प्री-नर्सरी से लेकर कक्षा 12 तक के स्कूलों को सुबह 7 बजे से 11ः30 बजे तक संचालित करने के निर्देश दिए हैं। बच्चों को लू और डिहाइड्रेशन से बचाने के लिए स्वास्थ्य विभाग को भी सतर्क रहने को कहा गया है। जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को 24 घंटे अलर्ट मोड पर रखा गया है। मौसम विभाग का कहना है कि अगले 48 घंटों तक मैदानी इलाकों को गर्मी से राहत मिलने की संभावना नहीं है। विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में बाहर निकलने से बचने, अधिक पानी पीने और बच्चों एवं बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। उत्तराखंड में मौसम के बदले इस खतरनाक मिजाज ने प्रशासन की चिंता बढ़ा दी है और लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *