February 13, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

आतंकी हमले की आशंका : दिल्ली, यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा, मुंबई सहित देशभर में हाई अलर्ट

दिल्ली । गृह मंत्री अमित शाह ने बताया कि लाल किले के पास सुभाष मार्ग ट्रैफिक सिग्नल पर आई-20 गाड़ी में धमाका हुआ। विस्फोट की सूचना मिलने के 10 मिनट के भीतर, दिल्ली क्राइम ब्रांच और दिल्ली स्पेशल ब्रांच की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। NSG और NIA की टीमों ने FSL के साथ मिलकर अब गहन जांच शुरू कर दी है। आसपास के सभी CCTV कैमरों की जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस आयुक्त सतीश गोलचा ने बताया, धमाका धीमी गति से चल रही कार में शाम करीब 6:52 बजे हुआ। शुरुआती जांच के अनुसार, कार में तीन लोग सवार भी थे। पुलिस ने एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है। एनएसजी, एनआईए, एफएसएल, दिल्ली पुलिस, खुफिया ब्यूरो की टीमें जांच में जुटी हैं। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी है। दमकल की दस गाड़ियों ने शाम 7:30 बजे तक आग पर काबू पा लिया। दमकल विभाग के अधिकारी ने बताया, आग में छह कारें, दो ई-रिक्शा व एक ऑटोरिक्शा जलकर राख हो गए। घायलों को एलएनजेपी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। चांदनी चौक ट्रेडर्स एसोसिएशन की ओर से साझा वीडियो में विस्फोट की भयावहता दिखाई दे रही है। इसमें एक शव वाहन पर पड़ा है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया, कई शवों के अंग बिखरे हुए थे। एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय भार्गव ने बताया कि 800 मीटर दूर उनकी पूरी इमारत हिल गई थी।
देशभर में रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों और धार्मिक स्थानों की सघन निगरानी के निर्देश
दिल्ली-एनसीआर, उत्तर प्रदेश, हरियाणा, मुंबई और उत्तराखंड सहित कई राज्यों में हाई अलर्ट घोषित कर दिया गया है। देशभर में रेलवे स्टेशनों, बस अड्डों, हवाई अड्डों और धार्मिक स्थानों की सघन निगरानी के निर्देश दिए गए हैं। अयोध्या में राममंदिर और नागपुर स्थित संघ मुख्यालय की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस सूत्रों से जानकारी मिली है कि उमर मोहम्मद फरीदाबाद मॉड्यूल का एक और डॉक्टर था। पेशे से डॉक्टर उमर मोहम्मद कथित तौर पर जैश-ए-मोहम्मद के आतंकी मॉड्यूल से जुड़ा था। जम्मू-कश्मीर के पुलवामा निवासी कार मालिक तारिक को गिरफ्तार किया गया है। तारिक ने ही उमर मोहम्मद को धमाके में इस्तेमाल हुंडई i20 कार दी थी। आतंकी मॉड्यूल का हिस्सा रहे अपने साथी डॉक्टरों की गिरफ्तारी के बाद उमर मोहम्मद ने कथित तौर पर इस डर से इस आतंकी हमले को अंजाम दिया कि वह भी पकड़ा जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *