व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाकर लाखों की रंगदारी वसूली, महिला सरगना और सहयोगी दलाल गिरफ्तार
रुद्रपुर (उद संवाददाता)। ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में एक व्यापारी को हनीट्रैप में फंसाकर बंधक बनाने और लाखों रुपये की रंगदारी वसूलने का सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है। आरोपियों ने व्यापारी को निर्वस्त्र कर उसकी वीडियो बनाई और भारी धनराशि की मांग करते हुए जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर नामजद महिलाओं सहित अन्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला सरगना पिंकी और उसके एक सहयोगी दलाल व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। ट्रांजिट कैंप निवासी एक व्यापारी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि प्रिया नाम की एक युवती पिछले कुछ दिनों से उनसे चौटिंग कर रही थी। 27 मार्च 2026 को उक्त युवती ने उसे मिलने के लिए फुलसुंगा शमशान घाट के पास बुलाया। जब व्यापारी वहां पहुंचा, तो युवती उसे अपने घर के अंदर ले गई। आरोप है कि घर में घुसते ही ऊपर के कमरे से एक अन्य युवती और चार युवक नीचे आ गए। इन लोगों ने व्यापारी को बंधक बनाकर उसके हाथ-पैर बांध दिए और मारपीट कर जबरन कपड़े उतरवाकर उसकी वीडियो बना ली। पीड़ित के अनुसार, आरोपियों ने उसे दुष्कर्म के झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देते हुए पांच लाख रुपये की मांग की। डरे हुए व्यापारी ने अपने मित्र राजू के माध्यम से आरोपियों के बताए गए गूगल पे नंबर पर 14,000 रुपये ट्रांसफर करवाए। इसके बाद रात करीब दो बजे पिंकी नाम की एक महिला को वहां बुलाया गया, जिसने व्यापारी की जमानत ली और उसे अपने साथ ले गई। आरोप है कि पिंकी ने भी अगले दिन 1,20,000 रुपये देने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर जेल भिजवाने की धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि उसने डर के कारण अपने मित्र मनोज गोस्वामी के सामने पिंकी को 30,000 रुपये नकद भी दिए, लेकिन इसके बावजूद उसे लगातार फोन पर धमकियां मिल रही हैं। व्यापारी ने यह भी आरोप लगाया कि उसकी कार में रखी सोने की चेन भी गायब है। इस पूरी साजिश में प्रिया, पिंकी, उनकी एक सहेली और चार अज्ञात युवक शामिल बताए जा रहे हैं। ट्रांजिट कैंप पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की छानबीन और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। गौरतलब हो कि गंगापुर मार्ग पर स्थित इंडियन कालोनी में एक महिला पिछले काफी समय से कुछ लोगों के साथ किरायेदार के रूप में निवास कर रही थी। उसके चाल चलन पर लोगों को संदेह बना हुआ था। बताया जाता है कि उक्त महिला अपनी सहयोगी युवतियों के माध्यम से शहर के रंगीन मिजाज धनवान युवकों की तलाश में रहती थी। फिर उसका मोबाईल नम्बर हासिल कर युवतियों के द्वारा उसके व्हाट्स एप पर फोन करने का सिलसिला शुरू कर देती थी। जब युवक उसके जाल में फंस जाता था तो युवती के द्वारा उस युवक को अपने घर में बुला लेती थी और दोनों को कमरे में भेजकर खुद अन्य सहयोगियों के साथ घर की छत पर छुप जाती थी। कुछ देर बाद महिला अचानक नीचे आकर कमरे का दरवाजा खोल देती थी और युवक युवती की नग्नावस्था की वीडियो लेती थी। जिसके बाद शुरू हो जाता था युवक को ब्लेकमेल करने का सिलसिला। ऐसे ही एक मामले में एक पीड़ित युवक ने पुलिस को अपने साथ हुई ब्लेकमंलिंग की घटना की विस्तार से जानकारी दी। जिसके बाद पुलिस ने औचक कार्रवाई करते हुए आरोपी महिला और उसके सहयोगी दलाल को मोदी मैदान के पास घूमते दबोच लिया और उनसे कड़ी पूछताछ शुरू की। इस दौरान महिला की कारगुजारियों की परतें एक के बाद एक खुलती गई और सारा मामला सामने आ गया। पुलिस ने आरोपी महिला को साथ लेकर उसके कमरे में दबिश दी। जहां से हजारों की नगदी, कई मोबाईल अैोर अनेक आपत्तिजनक सामग्री भी बरामद की।
