सरयू नदी में बहा आठ वर्षीय बालक,एनडीआरएफ ने सर्च अभियान चलाया
बागेश्वर (उद संवाददाता)। कपकोट विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत लाहुर में सोमवार को एक दर्दनाक हादसे में आठ वर्षीय बालक सरयू नदी में बह गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया, जबकि परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही एनडीआरएफ, एसडीआरएफ , पुलिस और अन्य बचाव दलों ने मौके पर पहुंचकर नदी में सर्च अभियान शुरू कर दिया। जानकारी के अनुसार ग्राम लाहुर निवासी नन्दन सिंह का आठ वर्षीय पुत्र राकेश सिंह शिवालय के समीप किसी दौरान सरयू नदी की चपेट में आकर बह गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने उसकी तलाश शुरू की और प्रशासन को सूचना दी। सूचना पर कपकोट विधायक सुरेश गढ़िया भी घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने मौके का निरीक्षण कर एसडीआरएफ, पुलिस, राजस्व विभाग तथा अन्य बचाव दलों से खोज अभियान की जानकारी ली। विधायक ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बालक की तलाश के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का उपयोग करते हुए युद्धस्तर पर खोज एवं बचाव अभियान चलाया जाए, ताकि किसी भी स्तर पर लापरवाही न रहे। विधायक ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिजनों को ढांढस बंधाते हुए भरोसा दिलाया कि इस कठिन समय में प्रशासन और सरकार हरसंभव सहायता उपलब्ध कराएगी। समाचार लिखे जाने तक एसडीआरएफ, पुलिस और अन्य राहत एवं बचाव दल सरयू नदी में लगातार सर्च अभियान चला रहे थे, लेकिन बालक का कोई सुराग नहीं लग सका था।

