February 12, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

डीएम भदौरिया ने किया मेडिकल कॉलेज छात्रावास एवं सर्किट हाउस का निरीक्षण

रुद्रपुर। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने पेयजल निर्माण निगम द्वारा निर्मित किए जा रहे महत्वपूर्ण सरकारी निर्माण कार्यों के अंतर्गत राजकीय मेडिकल कॉलेज के छात्रावास एवं सर्किट हाउस का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कार्य की धीमी प्रगति पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की और संबंधित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से कार्य में गति लाने के स्पष्ट निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि यह दोनों परियोजनाएँ जनहित व प्रशासनिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण हैं, इसलिए किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने परियोजना प्रबंधक, पेयजल निर्माण निगम को निर्देशित किया कि निर्माण कार्य को गुणवत्ता मानकों के अनुरूप, शीघ्र पूर्ण किया जाए। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कार्य की धीमी गति पर भविष्य में उत्तरदायी अधिकारियों से जवाबदेही तय की जाएगी। जिलाधिकारी ने मुख्य विकास अधिकारी को इन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी आदेश दिया कि बिना मुख्य विकास अधिकारी की अनुमति के किसी भी प्रकार का भुगतान आगे नहीं किया जाएगा, ताकि निर्माण की गुणवत्ता और प्रगति पर कड़ी निगरानी रखी जा सके। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने स्थल पर मौजूद अभियंताओं व अधिकारियों से कार्य की वर्तमान स्थिति और बाधाओं की जानकारी भी ली ताकि कार्य मे आने वाली समस्याओं का निस्तारण किया जा सके। उन्होंने सभी अधिकारियों को स्पष्ट चेतावनी दी कि परियोजना में अनावश्यक देरी या गुणवत्ता में किसी भी प्रकार की कमी मिलने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया ने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि मेडिकल कॉलेज जैसी महत्वपूर्ण परियोजनाओं का निर्माण समय पर पूरा हो और जनता को बेहतर सुविधाएँ उपलब्ध हों। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, परियोजना प्रबन्धक पेयजल निर्माण निगम नरेन्द्र नवानी, सहायक अभियंता पेयजल सुभाष चन्द्र भट्ट, अपर सहायक अभियंता पेयजल रंजीत आर्या आदि मौजूद थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *