September 7, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

धामी सरकार की बड़ी सौगात : मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना शुरू, मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग

देहरादून (उद संवाददाता)। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे उत्तराखंड के युवाओं के लिए धामी सरकार ने बड़ी पहल की है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना का शुभारंभ किया। योजना के तहत प्रदेश के युवाओं को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए निःशुल्क ऑनलाइन कोचिंग और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। सरकार का उद्देश्य आर्थिक संसाधनों की कमी के कारण किसी प्रतिभाशाली युवा की तैयारी प्रभावित न हो और उसे घर बैठे बेहतर मार्गदर्शन मिल सके। योजना के तहत राज्य के विश्वविद्यालयों तथा शासकीय एवं सहायता प्राप्त महाविद्यालयों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए ऑनलाइन कोचिंग की सुविधा मिलेगी। इसमें संघ लोक सेवा आयोग, उत्तराखंड लोक सेवा आयोग, रक्षा सेवाओं, बैंकिंग, रेलवे और कर्मचारी चयन आयोग सहित विभिन्न परीक्षाएं शामिल हैं। इसके अलावा एटी, एमएटी, गैट, सीएसआर और नीट जैसी उच्च शिक्षा एवं पात्रता परीक्षाओं की तैयारी के लिए भी युवाओं को मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाएगा। मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि युवाओं के सपनों को उड़ान देने और उनके भविष्य को मजबूत बनाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। योजना के माध्यम से युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए बेहतर संसाधन, विशेषज्ञ मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रदेश के युवाओं में प्रतिभा की कमी नहीं है, आवश्यकता उन्हें उचित अवसर और सही दिशा देने की है। योजना का सबसे अधिक लाभ पर्वतीय और दूरदराज के क्षेत्रें में रहने वाले युवाओं को मिलने की उम्मीद है। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए देहरादून, हल्द्वानी जैसे बड़े शहरों का रुख करने वाले युवाओं को अब घर से ही ऑनलाइन तैयारी का अवसर मिलेगा। इससे कमरे का किराया, कोचिंग फीस और रोजाना आने जाने के खर्च का आर्थिक बोझ भी कम होगा। खासकर ऐसे परिवारों के युवाओं को राहत मिलेगी, जिनके लिए महंगी कोचिंग का खर्च उठाना मुश्किल होता है। सरकार का कहना है कि योजना केवल नौकरी की तैयारी तक सीमित नहीं है, बल्कि युवाओं को राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है। गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञों के मार्गदर्शन से विद्यार्थियों की तैयारी को बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने योजना को युवाओं के भविष्य निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि सही संसाधन और मार्गदर्शन मिलने पर उत्तराखंड के युवा देश की प्रमुख प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकते हैं। प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले युवाओं की बड़ी संख्या को देखते हुए मुख्यमंत्री युवा भविष्य निर्माण योजना को सरकार की युवा केंद्रित पहलों में अहम माना जा रहा है। योजना के जरिए सरकार का प्रयास है कि शहर और गांव के बीच उपलब्ध शैक्षणिक संसाधनों की दूरी कम हो तथा प्रदेश के हर क्षेत्र के प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ने का समान अवसर मिल सके

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *