Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

थारू समाज का विकास सरकार की प्राथमिकताः धामी

संवाद कार्यक्रम में समस्याएं सुनीं, सुझावों के आधार पर योजनाएं बनाने का दिया भरोसा
खटीमा (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को खटीमा में आयोजित थारू जनजाति संवाद कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर थारू समुदाय ने पारंपरिक तरीके से मुख्यमंत्री का भव्य स्वागत किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में थारू समाज के लोग शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने समुदाय के लोगों से सीधा संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा विभिन्न विकास संबंधी विषयों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय क्षेत्रें का विकास और वहां के लोगों का कल्याण राज्य सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि थारू समाज से उनका बचपन से गहरा जुड़ाव रहा है और वे इसी क्षेत्र में पले बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम में आकर ऐसा लग रहा है, जैसे अपने परिवार के बीच उपस्थित हूं। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह केवल औपचारिक संवाद कार्यक्रम नहीं है, बल्कि सरकार और थारू समाज के बीच विश्वास तथा विकास की साझेदारी को और मजबूत बनाने का अवसर है। उन्होंने कहा कि सरकार यह जानना चाहती है कि थारू समाज को और आगे बढ़ाने के लिए क्या बेहतर किया जा सकता है। संवाद कार्यक्रम में समाज के लोगों द्वारा दिए गए सुझावों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि इन विचारों से समाज की प्रगति और जागरूकता स्पष्ट दिखाई देती है। उन्होंने कहा कि जनता के साथ सीधा संवाद सरकार की कार्यशैली का महत्वपूर्ण हिस्सा है। सरकार लोगों से प्राप्त सुझावों और आवश्यकताओं के आधार पर योजनाएं बनाती है और उन्हें प्रभावी ढंग से लागू करती है। मुख्यमंत्री ने कहा कि थारू समाज की समृद्ध संस्कृति और परंपराएं केवल खटीमा ही नहीं, बल्कि पूरे उत्तराखंड के लिए गौरव का विषय हैं। सरकार का प्रयास है कि थारू समाज को विभिन्न क्षेत्रें में पर्याप्त प्रतिनिधित्व मिले। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पहली बार जनजातीय समाज के सशक्तीकरण के लिए व्यापक स्तर पर कार्य हो रहा है। उन्होंने कहा कि आज देश को एक जनजातीय समाज की राष्ट्रपति का नेतृत्व प्राप्त है, जो पूरे समाज के लिए गौरव की बात है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को जनजातीय समाज तक पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। जनजाति कल्याण विभाग के माध्यम से आश्रम पद्धति विद्यालय, छात्रवास और औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान संचालित किए जा रहे हैं। आश्रम पद्धति विद्यालयों का इंटरमीडिएट स्तर तक उच्चीकरण किया जा रहा है तथा एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालयों के माध्यम से जनजातीय विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जा रही है। कार्यक्रम में ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, रविंद्र राणा, थारू राणा परिषद के अध्यक्ष दान सिंह राणा, प्रधान संघ अध्यक्ष मंजीत सिंह, गोपाल सिंह राणा, ध्यान सिंह राणा, हरीश चंद्र सिंह राणा, रमेश राणा, सूरज प्रकाश राणा, आकाश राणा सहित बड़ी संख्या में थारू समाज के लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *