Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

वेतन वृद्धि को लेकर श्रमिकों का कम्पनी गेट पर प्रदर्शन

रूद्रपुर । सिडकुल स्थित एक कम्पनी में आज सैकड़ों श्रमिकों ने वेतन वृद्धि सहित अन्य मांगों को लेकर कार्य बहिष्कार कर कम्पनी गेट पर प्रबंधन के खिलाफ तेज धूप की परवाह किया बिना नारेबाजी करते हुए जोरदार प्रदर्शन किया। उनका आरोप था कि सिडकुल सेक्टर 5 स्थित वी गार्ड कंज्यूमर प्रोडक्ट्स लिमिटेड कम्पनी प्रबंधन द्वारा उनका लगातार उत्पीड़न किया जा रहा है। कम्पनी में निर्धारित आठ घंटे ड्यूटी के अतिरिक्त भी काम करवाया जाता है जिसका कोई भुगतान नहीं किया जाता। उन्होंने बताया कि कम्पनी की केंटीन में दिये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता निम्न स्तर की है जिसे जबरन खाने को मजबूर किया जाता है। महिला श्रमिकों का कहना था कि कम्पनी में कार्यरत महिला कर्मचारियों को गर्भावस्था व अन्य कारणों से कोई छुट्टी नहीं दी जाती है और छुट्टी लेने पर उन्हें कम्पनी से बाहर कर देने की धमकी दी जाती है। यदि किसी महिला श्रमिक की तबीयत अचानक खराब हो जाती है तो उसे दवा के नाम पर मात्र पेरासिटामोल थमा दी जाती है। कम्पनी में चिकित्सा की कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। आन्दोलित श्रमिकों ने वेतन 8 हजार रूपये से बढ़ाकर 20 हजार रूपये प्रतिमाह करने, कम्पनी आने जाने के लिए वाहन सुविधा उपलब्ध कराने, गुणवत्तायुक्त भोजन व चिकित्सा व्यवस्था देने, अतिरिक्त ड्यूटी के लिए डबल भुगतान करने सहित अन्य कई मांगों का उल्लेख किया। इस दौरान सोनम, सीमा, गरिमा, गायत्री, पूजा, मनीषा, काजल, रूपा, खुशी, सिबी, आरती, नीरू, कंचन, संगीता, बसंती, सपना, देवीया, अफसाना, सुषमा, बबिता, सुमन, पीहू, सोमपाल, राजकुमार, रंजीत, प्रकाश, आकाश, सुरेश, ओमपाल, वीरेन्द्र सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद थे। वहीं कम्पनी में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिसबल भी तैनात किया गया था।

तेज रफ्तार थार ने महिला श्रमिक को मार दी टक्कर ,घायल

रुद्रपुर। नैनीताल हाईवे पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब श्रमिकों की रैली के दौरान एक तेज रफ्तार थार ने महिला श्रमिक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। बताया जा रहा है कि वी-गार्ड कंपनी के महिला और पुरुष श्रमिक वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर हड़ताल पर थे और नैनीताल सिडकुल से श्रम कार्यालय तक रैली निकाल रहे थे। इसी दौरान बिग बाजार के सामने तेज रफ्रतार थार ने एक महिला श्रमिक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि थार का टायर महिला के पैर पर चढ़ गया, जिससे वह बुरी तरह घायल हो गई। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत घायल महिला को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद थार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।हालांकि, गुस्साए श्रमिकों और साथियों ने बाइकों से पीछा कर थार और ट्रक चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने दोनों चालकों को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद श्रमिकों में आक्रोश है और मौके पर कुछ देर के लिए हंगामे की स्थिति भी बनी रही। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *