किसानों को मुआवजे के लिए तहसील में प्रदर्शन
एसडीएम का घेराव, पचास हजार प्रति एकड़ मुआवजे की मांग
गदरपुर(उद संवाददाता)। ओलावृष्टि और बेमौसमी बारिश से बर्बाद हुई फसलों के मुआवजे की मांग को लेकर किसानों और कांग्रेसियों ने पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के नेतृत्व में तहसील में जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने एसडीएम अमृता शर्मा का घेराव कर किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा देने की मांग की। एसडीएम ने उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। बड़ी संख्या में तहसील पहुंचे किसानों और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर अपनी आवाज बुलंद की। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने कहा कि ओला वृष्टि और बेमौसमी बारिश से किसानों की फसल बर्बाद हो गई है, लेकिन शासन प्रशासन किसानों की परेशानी को गंभीरता से नहीं ले रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि समय पर धान खरीद केंद्र शुरू कर दिए जाते तो किसानों को इतना नुकसान नहीं उठाना पड़ता। ठुकराल ने कहा कि ओलावृष्टि से पहले भी किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता धान खरीद शुरू कराने की मांग उठा रहे थे, लेकिन प्रशासन ने उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया। इसका नतीजा यह हुआ कि किसानों की मेहनत और लागत खेतों में ही बर्बाद हो गई। उन्होंने कहा कि एक एकड़ में फसल की बुवाई पर किसान को करीब 25 हजार रुपये खर्च करने पड़ते हैं। ऐसे में नुकसान के बदले करीब पौने सात हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा दिए जाने की तैयारी की जानकारी सामने आ रही है, जो किसानों के नुकसान की तुलना में बेहद कम है। उन्होंने कहा कि किसान पहले ही खेती की बढ़ती लागत और मौसम की मार से परेशान हैं। ऐसे में उन्हें पर्याप्त मुआवजा मिलना चाहिए, ताकि वे आर्थिक संकट से उबर सकें और अगली फसल की तैयारी कर सकें। प्रदर्शनकारियों ने सरकार से मांग की कि नुकसान का उचित आकलन कर किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ की दर से मुआवजा दिया जाए। ठुकराल ने चेतावनी दी कि यदि किसानों के हितों की अनदेखी जारी रही तो सरकार के मंत्रियों और अधिकारियों को गांवों में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा। घेराव के दौरान एसडीएम अमृता शर्मा ने प्रदर्शनकारियों से वार्ता की और उनकी मांगों को शासन तक पहुंचाने का आश्वासन दिया। प्रदर्शन में कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष अशोक राय, करनैल सिंह, ओमपाल सिंह, सुक्खा भुसरी, सन्नी फुटेला, स्वार सिंह, राम करन, हुकुम सिंह, जसवीर सिंह, राजपाल, सोमपाल, करन सिंह, आशीर्ष, धर्म सिंह, नन्हे सिंह, चरण सिंह, त्रिलोक सिंह, गुरुवंत सिंह, खुर्शीद हसन, रहीस अहमद, प्रीतम सिंह, प्रेम सिंह, अजय सिंह, लाल सिंह, नंदू, सूरज सिंह, पवन सिंह, अमृत, विश्वजीत, ओमपाल, मोहन मंडल, अतुल कविराज, राजेंद्र सिंह, सुकुमार, वीरेंद्र सिंह, हरभजन सिंह, सुशील मंडल, सतनाम सिंह, रईस अहमद, मोहम्मद हामिद, सरफराज अली, नत्थू लाल, सज्जाद हुसैन, नाजिम हुसैन और आबिद हुसैन सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


