परेड ग्राउंड में कांग्रेस का हंगामा : कार्यक्रम का सामान लेकर पहुंचे ट्रकों को मैदान के अंदर जाने से रोका
राहुल गांधी के ‘छात्रों की गूंज’ के लिए परेड ग्राउंड की अनुमति निरस्त
देहरादून। 17 जुलाई को कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले देहरादून के परेड ग्राउंड को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। नगर निगम द्वारा कार्यक्रम स्थल को लेकर आपत्ति जताए जाने के बाद कार्यक्रम का सामान लेकर पहुंचे ट्रकों को मैदान के अंदर जाने से रोक दिया गया। इसके विरोध में देर रात बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता परेड ग्राउंड पहुंचे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। इस दौरान पुलिस ने उन्हें आगे बढ़ने से रोका, जिससे पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने आरोप लगाया कि परेड ग्राउंड कार्यक्रम के लिए नियमानुसार आरक्षित होने के बावजूद प्रशासन भाजपा सरकार के दबाव में अनुमति देने में आनाकानी कर रहा है। उन्होंने कहा कि यदि निर्धारित समयावधि में नगर निगम मैदान उपलब्ध नहीं कराता है, तो यह लोकतांत्रिक व्यवस्था के खिलाफ और तानाशाहीपूर्ण कदम होगा। प्रदर्शन के दौरान प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य, डॉ. हरक सिंह रावत, प्रीतम सिंह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि सरकारी कार्यक्रम का हवाला देकर विपक्ष के कार्यक्रम में बाधा डालना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उनका कहना है कि सरकार युवाओं की आवाज़ और राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम से डर रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी के 17 जुलाई को प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के लिए परेड ग्राउंड की अनुमति निरस्त करना भाजपा सरकार का अलोकतांत्रिक और छात्र विरोधी रवैया दर्शाता है। पार्टी का कहना है कि उत्तराखंड का युवा शिक्षा, रोजगार और पारदर्शिता जैसे मुद्दों पर अपनी आवाज़ उठाता रहेगा और राहुल गांधी के संवाद कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल होगा। प्रदर्शन में एआईसीसी सचिव मनोज त्यागी, सह प्रभारी मनोज यादव, उपनेता प्रतिपक्ष भुवन कापड़ी, महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ज्योति रौतेला सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
