Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था को लेकर कांग्रेस का राजभवन मार्च, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन

प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने आरोप लगाया
देहरादून। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नेतृत्व में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने लोकभवन में राज्यपाल गुरमीत सिंह से मुलाकात कर प्रदेश की बिगड़ती कानून व्यवस्था, नर्सिंग अभ्यर्थियों की मांगों तथा विभिन्न ज्वलंत जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों पर ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल ने राज्य सरकार पर कानून व्यवस्था बनाए रखने में विफल रहने तथा संवेदनशील मामलों में निष्पक्ष जांच सुनिश्चित न करने का आरोप लगाया।कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मांग की कि स्वास्थ्य महानिदेशक द्वारा भेजे गए प्रस्ताव के अनुसार नर्सिंग अभ्यर्थियों के हित में शीघ्र निर्णय लिया जाए तथा प्रदेश में लगातार बढ़ रहे अपराधों, संदिग्ध पुलिस कार्यवाहियों और महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए सरकार को सख्त निर्देश दिए जाएं।ज्ञापन में देहरादून के राजपुर रोड स्थित ‘रोमियो लेन बार’ प्रकरण, भाजपा विधायक अरविंद पांडे द्वारा लगाए गए गंभीर आरोप, अकरम एनकाउंटर प्रकरण, चम्पावत सामूहिक दुष्कर्म मामले और पौड़ी गढ़वाल में कथित पुलिस प्रताड़ना से जुड़ी आत्महत्या जैसे मामलों की उच्च स्तरीय एवं निष्पक्ष जांच की मांग की गई। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और आम जनता का पुलिस प्रशासन से विश्वास उठता जा रहा है।प्रतिनिधिमंडल ने मांग की कि प्रदेश के सभी बार एवं पब की सुरक्षा और वैधानिक जांच कराई जाए, महिलाओं की सुरक्षा के लिए विशेष निगरानी तंत्र विकसित किया जाए तथा पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली को पारदर्शी और जवाबदेह बनाया जाए। इस अवसर पर बद्रीनाथ विधायक लखपत सिंह बुटोला, मीडिया चेयरमैन राजीव महर्षि, महामंत्री राजेंद्र शाह, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, प्रदेश प्रवक्ता डा. प्रतिमा सिंह सहित कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *