सीएम धामी ने किया कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ : पौड़ी को मिली110 करोड़ की विकास योजनाओं की सौगात
पौड़ी । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को पौड़ी दौरे के दौरान श्रीनगर रोड स्थित डॉ. अंबेडकर जिला विज्ञान संग्रहालय का लोकार्पण किया और रामलीला मैदान में आयोजित कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कंडोलिया महोत्सव को राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किए जाने की घोषणा करते हुए जनपद को 110.55 करोड़ रुपये की लागत वाली 19 विकास योजनाओं की सौगात दी। इनमें 14 योजनाओं का शिलान्यास और पांच योजनाओं का लोकार्पण शामिल है। मुख्यमंत्री ने विज्ञान संग्रहालय का भ्रमण कर वहां स्थापित विज्ञान आधारित गतिविधियों, इंटरएक्टिव मॉडल, आधुनिक उपकरणों और प्रयोगात्मक शिक्षण व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र छात्राओं से संवाद करते हुए उन्होंने वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने स्वयं भी कई वैज्ञानिक प्रदर्शनों में भाग लिया और कहा कि ऐसे संग्रहालय बच्चों में जिज्ञासा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि यह विज्ञान संग्रहालय केवल प्रदर्शनी स्थल नहीं बल्कि विद्यार्थियों और युवाओं के लिए आधुनिक विज्ञान शिक्षण एवं नवाचार केंद्र के रूप में कार्य करेगा। यहां विद्यार्थी विज्ञान को पुस्तकों तक सीमित रखने के बजाय प्रयोगों और गतिविधियों के माध्यम से प्रत्यक्ष रूप से समझ सकेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह संग्रहालय जनपद में वैज्ञानिक चेतना और ज्ञान के प्रसार का प्रमुख केंद्र बनेगा। इसके बाद मुख्यमंत्री ने कंडोलिया मंदिर में पूजा अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख समृद्धि और खुशहाली की कामना की तथा रामलीला मैदान में कंडोलिया महोत्सव का शुभारंभ किया। उन्होंने घोषणा की कि कंडोलिया महोत्सव को सरकारी कार्यक्रम के अंतर्गत राजकीय महोत्सव के रूप में विकसित किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि कंडोलिया महोत्सव उत्तराखंड की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, लोक परंपराओं और युवा प्रतिभाओं को नई पहचान देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि लगभग 110 करोड़ रुपये की लागत से स्वीकृत विकास योजनाएं क्षेत्र के आधारभूत ढांचे को मजबूत करने के साथ ही आमजन के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है। चारधाम यात्रा लगातार नए कीर्तिमान स्थापित कर रही है और राज्य सरकार विकास की योजनाओं को अंतिम छोर तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। इसी उद्देश्य से हाउस ऑफ हिमालय, एक जनपद दो उत्पाद योजना, मिलेट मिशन, नई पर्यटन एवं फिल्म नीति, स्वरोजगार तथा होमस्टे योजनाओं को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि युवाओं के हितों की रक्षा के लिए राज्य सरकार ने देश का सबसे सख्त नकल विरोधी कानून लागू किया है और पिछले चार वर्षों में 33 हजार से अधिक युवाओं को पारदर्शी प्रक्रिया के तहत सरकारी नौकरियां दी गई हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की सनातन संस्कृति, मूल स्वरूप और सामाजिक सौहार्द की रक्षा सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। इसी उद्देश्य से समान नागरिक संहिता, धर्मांतरण विरोधी कानून, दंगा विरोधी कानून और सख्त भू कानून लागू किए गए हैं। मुख्यमंत्री ने पौड़ी और श्रीनगर क्षेत्र में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश की पहली एनसीसी अकादमी, एनआईटी परिसर, गंगा संस्कृति केंद्र, सिंगटाली पुल, पौड़ी श्रीनगर मार्ग का चौड़ीकरण, झील निर्माण, ड्राइविंग टेस्ट ट्रैक तथा खेल अवस्थापना से जुड़ी परियोजनाएं क्षेत्र के विकास को नई दिशा देने के साथ रोजगार और पर्यटन की संभावनाओं को भी बढ़ाएंगी।कार्यक्रम में विधायक राजकुमार पोरी, दलीप सिंह रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी, ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी, गौ सेवा आयोग के अध्यक्ष राजेंद्र अण्थवाल, जिलाधिकारी स्वाति भदौरिया, एसएसपी सर्वेश पंवार, मुख्य विकास अधिकारी अशोक जोशी सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।
