मुख्यमंत्री ने शक्तिफार्म को सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित पुल का किया शिलान्यास
शक्तिफार्म(उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और क्षेत्रीय विधायक व कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने शक्तिफार्म को सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ने वाले बहुप्रतीक्षित पुल का विधिवत शिलान्यास किया। शिलान्यास कार्यक्रम में पहुंचने पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जोरदार नारेबाजी के बीच स्वागत किया गया। शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए दोनों नेताओं ने क्षेत्र के विकास के लिए राज्य सरकार के संकल्पों को दोहराया और इसे विकास की दिशा में एक बड़ा मील का पत्थर बताया। जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि शक्तिफार्म को सिडकुल से जोड़ने वाले इस पुल का शिलान्यास होना केवल एक बुनियादी ढांचे का निर्माण नहीं है, बल्कि यह क्षेत्र की जनभावनाओं और आर्थिक प्रगति का एक मजबूत सेतु है। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार श्विकल्प रहित संकल्पश् के मूल मंत्र पर काम कर रही है। करीब 11 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह पुल शक्तिफार्म क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों और युवाओं को सीधे सिडकुल औद्योगिक क्षेत्र से जोड़ेगा, जिससे न केवल आवागमन सुगम होगा बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार की राह भी आसान होगी। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड के सीमांत क्षेत्रें को मुख्यधारा से जोड़ने का काम तेज गति से चल रहा है। चाहे टनकपुर-बागेश्वर रेल लाइन हो या मानसखंड मंदिर माला मिशन, चम्पावत और उधमसिंह नगर के हर कोने को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। उन्होंने कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि सितारगंज के विकास के लिए वे लगातार समर्पित होकर कार्य कर रहे हैं। कार्यक्रम में विशिष्ट तौर पर मौजूद कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपने संबोधन में इसे सितारगंज विधानसभा के इतिहास का एक ऐतिहासिक दिन बताया। उन्होंने कहा कि शक्तिफार्म और सिडकुल के बीच इस संपर्क मार्ग और पुल की मांग पिछले कई दशकों से की जा रही थी, जिसे आज अमलीजामा पहनाया गया है। उन्होंने कहा कि शक्तिफार्म की देवतुल्य जनता से चुनाव के दौरान उन्होंने जो वादा किया था, आज मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के आशीर्वाद से वह पूरा होने जा रहा है। इस पुल के बनने से शक्तिफार्म की माताओं-बहनों, किसानों और सिडकुल में काम करने वाले श्रमिक भाई-बहनों को अब कई किलोमीटर का लंबा चक्कर नहीं काटना पड़ेगा। यह पुल क्षेत्र की आर्थिकी को पूरी तरह से बदलने का काम करेगा। कैबिनेट मंत्री ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि पुल का निर्माण कार्य पूरी गुणवत्ता के साथ तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए ताकि जनता को इसका लाभ जल्द से जल्द मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने क्षेत्र में चल रही अन्य विकास योजनाओं जैसे सड़कों का चौड़ीकरण, पेयजल योजनाएं और शिक्षा व स्वास्थ्य क्षेत्र में किए जा रहे सुधारों का भी ब्योरा साझा किया। इस भव्य शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान स्थानीय सांस्कृतिक दलों द्वारा कुमाऊंनी और पारंपरिक गीतों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं, जिससे पूरा माहौल उत्सव में बदल गया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष कमल जिंदल, जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, किसान आयोग के उपाध्यक्ष सुरेन्द्र सिंह नामधारी, अल्पसंख्यक आयोग की उपाध्यक्ष श्रीमती फरजाना बेगम, ब्लाक प्रमुख उपकार सिंह, इकबाल सिंह लाडी, खतीब अहमद,सुखदेव सिंह, कार्तिक राय, विधान सरकार, राकेश त्यागी, उदय राणा, देवु मण्डल, केपी मण्डल, रविन्द्र सिंह, प्रभा रावत, मीनाक्षी विश्वास, नमिता मण्डल, शिवानी मण्डल, संगीता, दीपिका मालांकर, विनीता विश्वास, पंकज बसु, अशोक माली, कृष्ण पद मण्डल, शंकर गोलदार, विष्णुपद, रविन्द्र विश्वास, गोपाल सरकार, महेन्द्र सिंह, भजन सिंह, जगदीश डालमिया, तारक मण्डल, सुनील विश्वास, देवेन्द्र, किशोर राय, राम चन्द्र आदि सहित तमाम लोग मौजूद थे।
