चार दिवसीय टिहरी लेक फेस्टिवल का मुख्यमंत्री ने किया शुभारम्भ
कई योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी हुआ
नई टिहरी (उद संवाददाता)। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को टिहरी झील के सुरम्य तट कोटी कॉलोनी में चार दिवसीय भव्य ‘हिमालयन-02 टिहरी लेक फेस्टिवल 2026 का विधिवत दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। 06 से 09 मार्च तक आयोजित होने वाला यह महोत्सव साहसिक पर्यटन, समृद्ध लोक संस्कृति और आधुनिक कला के एक अद्भुत संगम के रूप में उभरकर सामने आया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने जनपद के विकास के लिए करोड़ों रुपये की महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया, जिससे क्षेत्र में विकास की नई धारा बहने की उम्मीद है। समारोह को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप उत्तराखंड अब ‘वर्षभर पर्यटन’ के वैश्विक केंद्र के रूप में तेजी से स्थापित हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि टिहरी झील केवल राज्य ही नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर साहसिक पर्यटन के सबसे प्रमुख डेस्टिनेशन के रूप में अपनी पहचान बना रही है। मुख्यमंत्री ने ‘हिमालयन-02’ थीम की सराहना करते हुए कहा कि यह महोत्सव हमारी युवा शक्ति के उत्साह और हिमालय की सांस्कृतिक विरासत का गौरवपूर्ण उत्सव है। उन्होंने स्थानीय युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने की प्रतिबद्धता दोहराते हुए बताया कि इस वर्ष महोत्सव के माध्यम से नए ट्रैकिंग रूटों को विकसित किया गया है, जहाँ स्थानीय युवाओं को गाइड के रूप में तैयार कर रोजगार के प्रत्यक्ष अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में टिहरी को ‘स्मार्ट सिटी’ और ‘वर्ल्ड क्लास टूरिस्ट डेस्टिनेशन’ बनाने के संकल्प को दोहराते हुए कहा कि सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित नहीं है, बल्कि धरातल पर बुनियादी ढांचे को मजबूत कर रही है। चार दिनों तक चलने वाले इस उत्सव में रिवर राफ्टिंग, पैराग्लाइडिंग, माउंटेन बाइकिंग, रॉक क्लाइम्बिंग और काइट फेस्टिवल जैसी रोमांचक गतिविधियां पर्यटकों को रोमांचित करेंगी। साथ ही, बॉलीवुड के प्रसिद्ध संगीतकार अमित त्रिवेदी और उत्तराखंड के सुप्रसिद्ध लोक बैंड श्पांडवाजश् की प्रस्तुतियां महोत्सव की शामों को यादगार बनाएंगी। उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद और जिला प्रशासन ने इस बार प्रतियोगिताओं को अधिक आकर्षक बनाया है। आयोजन के दौरान मास्टर शेफ, फोटोग्राफी, पेंटिंग, सोशल मीडिया रील मेकिंग, ग्रुप फैशन शो, मिस्टर एंड मिस टिहरी, राफ्टिंग और रैप सिंगिंग जैसी विभिन्न स्पर्धाएं आयोजित की जा रही हैं। इन प्रतियोगिताओं के लिए कुल 25 लाख रुपये का पुरस्कार बजट रखा गया है। प्रत्येक श्रेणी में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विजेता को एक लाख रुपये, द्वितीय को 50 हजार और तृतीय स्थान पर रहने वाले को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, दस-दस सांत्वना पुरस्कार भी दिए जाएंगे, जिससे स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलेगा। जिला प्रशासन के अनुसार, इस वर्ष महोत्सव का विस्तार केवल झील तक सीमित न रखकर जनपद के अन्य पर्यटन स्थलों तक भी किया गया है। महोत्सव के दौरान आयोजित भव्य गंगा आरती ने जहां आध्यात्मिक शांति का संदेश दिया, वहीं पूरे आयोजन को सतत पर्यटनश् और गंगा संरक्षण की थीम पर केंद्रित रखा गया है। उद्घाटन समारोह के दौरान कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, सांसद माला राज्य लक्ष्मी शाह, विधायक विनोद कंडारी, विधायक शक्ति लाल साह, विधायक किशोर उपाध्याय, संजय नेगी, विक्रम सिंह नेगी, कुंवर सिंह चौहान, मनीष राणा समेत तमाम गणमान्य लोग मौजूद रहे।


