Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुख्यमंत्री ने विकास योजनाओं के लिए दी 171 करोड़ की वित्तीय स्वीकृति

देहरादून । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति देने के लिए 171 करोड़ रुपये की भारी-भरकम धनराशि का अनुमोदन प्रदान किया है। इस बजट से राज्य में सड़कों के निर्माण, विद्युत परियोजनाओं के सुदृढ़ीकरण, चंपावत में सिटी सेंटर के निर्माण, अतिथि गृह भवनों के पुनरुद्धार और यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने जैसे महत्वपूर्ण कार्य संपन्न किए जाएंगे। मुख्यमंत्री ने राज्य योजना के अंतर्गत जनपद बागेश्वर के विधानसभा क्षेत्र बागेश्वर में सातरतवे से सिगी नरगोल होते हुए गिरेछीना मिलान मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 3.35 करोड़ रुपये की स्वीकृति दी है। इसी प्रकार जनपद चमोली के विधानसभा क्षेत्र केदारनाथ में कालीमठ कोटमा जाल चौमासी मोटर मार्ग के सुधार कार्य के लिए 3.75 करोड़ और जनपद पौड़ी गढ़वाल के विधानसभा क्षेत्र लैंसडाउन के अंतर्गत कोटडीसैण के समीप ग्राम पैयागढ़ी रजबौ मल्ला दियोड मोटर मार्ग के निर्माण के लिए 4.27 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं।जनपद चंपावत के लोहाघाट विधानसभा क्षेत्र में किमतोली से रौशाल मोटर मार्ग में हॉटमिक्स कार्य के लिए 12.15 करोड़ रुपये के साथ ही रोडवेज स्टेशन चंपावत में आधुनिक सुविधाओं से युक्त बहुमंजिला पार्किंग और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स यानी सिटी सेंटर चंपावत के निर्माण के लिए 62.33 करोड़ रुपये की मंजूरी दी गई है। मुख्यमंत्री ने लखवाड़ बहुउद्देशीय परियोजना के निर्माण के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2025 26 में 50.25 करोड़ रुपये के अनुदान का अनुमोदन किया है। इसके अतिरिक्त नई दिल्ली स्थित उत्तराखंड सदन के द्वितीय तल पर 12 कक्षों के नवीनीकरण और नागरिक एवं विद्युत कार्यों के लिए 1.60 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। देहरादून शहर की यातायात और ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए छह विभिन्न कार्यों हेतु 33.45 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने ऊधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर निवासी सुमन जैन पत्नी स्वर्गीय महावीर प्रसाद को 27 जून 2025 से 20 हजार रुपये प्रतिमाह लोकतंत्र सेनानी सम्मान पेंशन दिए जाने का भी अनुमोदन किया है। इसके साथ ही उन्होंने प्रदेश के कई मोटर मार्गों के नाम शहीदों और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम पर रखने की स्वीकृति दी है। जनपद अल्मोड़ा के विकासखंड चौखुटिया में कुनीगाड हिरुली बाजार से रामपुर चौखुटिया मोटर मार्ग का नाम शहीद सूबेदार भवानी दत्त जोशी सेना मेडल मोटर मार्ग रखा गया है। चमोली जिले के देवाल ब्लॉक में ल्वाणी सुया मोटर मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय खीम सिंह के नाम पर और बद्रीनाथ विधानसभा के गोपेश्वर मंडल से ग्राम ग्वाड तक के मार्ग का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्वर्गीय मेहरबान सिंह रावत के नाम पर रखने को मंजूरी दी गई है। वहीं कर्णप्रयाग विधानसभा के नैनीसैंड कालूसैण आमसौंड मोटर मार्ग का नाम उत्तराखंड राज्य आंदोलनकारी स्वर्गीय तुलाराम थपलियाल के नाम पर होगा।डिजिटल क्षेत्र में राज्य की प्रगति को देखते हुए मुख्यमंत्री ने देहरादून में मार्च 2026 में प्रस्तावित पांचवें डिजिटल एम्पावरमेंट मीट एवं अवार्ड्स उत्तराखंड चौप्टर के आयोजन को भी हरी झंडी दे दी है। इस कार्यक्रम का मुख्य विषय उत्तराखंड डिजिटल ट्रांसफॉर्मेशन थ्रू एआई विकसित भारत 2047 की ओर रखा गया है, जिसका आयोजन एडवोकेटिंग प्रोग्रेसिव एक्शन फॉर चेंज डिजिटल इनोवेशन न्यूज नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड नोएडा द्वारा किया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *