August 14, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

घटनास्थल का दौरा करने पीपलकोटी पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, रेस्क्यू ऑपरेशन का लिया जायजा

पहले भी हो चुका है बड़ा हादसा
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को पीपलकोटी पहुंचे और टनल हादसा स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। प्रतिकूल मौसम के बीच मुख्यमंत्री ने मौके पर मौजूद प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अन्य संबंधित एजेंसियों के अधिकारियों से रेस्क्यू अभियान की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने टनल में फंसे श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए चलाए जा रहे राहत एवं बचाव कार्यों का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।मुख्यमंत्री इसके बाद रेस्क्यू कर बाहर निकाले गए घायल श्रमिकों से मुलाकात कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी लेंगे। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं बचाव अभियान में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने तथा प्रभावित श्रमिकों और उनके परिजनों को हरसंभव सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया है कि टनल में फंसे प्रत्येक श्रमिक को सुरक्षित बाहर निकालना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

पिछले साल भी हुआ था बड़ा हादसा

विष्णुगाड-पीपलकोटी जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में इससे पहले भी बड़ा हादसा हो चुका है। दिसंबर 2025 के अंत में सुरंग के भीतर दो लोको ट्रेनों की आपस में टक्कर हो गई थी। हादसे के समय सुरंग में 100 से अधिक अधिकारी, कर्मचारी और मजदूर मौजूद थे। दुर्घटना में करीब 60 लोग घायल हुए थे, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया था। लगातार सामने आ रही घटनाओं के बीच मौजूदा हादसे ने निर्माणाधीन सुरंगों में श्रमिकों की सुरक्षा व्यवस्था और आपदा प्रबंधन को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल प्रशासन और बचाव एजेंसियों की प्राथमिकता टनल में फंसे छह श्रमिकों को सुरक्षित बाहर निकालना और घायल श्रमिकों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *