Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मुख्यमंत्री धामी ने पिथौरागढ़ को समर्पित किया उच्चीकृत क्रिकेट मैदान

पिथौरागढ़ । मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपने पिथौरागढ़ जनपद भ्रमण कार्यक्रम के दौरान सुरेन्द्र सिंह वल्दिया स्टेडियम पहुंचकर उच्चीकृत क्रिकेट मैदान का लोकार्पण किया और इसे जनपदवासियों को समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्रिकेट पिच पर स्वयं बल्लेबाजी करते हुए छह गेंदों का ओवर खेलकर पिच का औपचारिक उद्घाटन किया। मैदान में मुख्यमंत्री का खिलाड़ियों के साथ अत्यंत उत्साहपूर्ण और आत्मीय अंदाज देखने को मिला।लोकार्पण के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वहां उपस्थित खिलाड़ियों एवं युवाओं से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने युवाओं के साथ फुटबॉल, हॉकी एवं अन्य खेल गतिविधियों में भी सहभागिता की। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित करने का भी सशक्त माध्यम है।इस दौरान मुख्यमंत्री ने उपस्थित समस्त युवाओं को नशे के खिलाफ शपथ दिलाई और उन्हें नशे से दूर रहकर अपने भविष्य को उज्ज्वल बनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से राज्य में चल रहे नशामुक्ति अभियान से जुड़ने का आ“वान करते हुए कहा कि खेल युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली और सकारात्मक सोच की ओर ले जाते हैं। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को आशीर्वाद प्रदान किया और उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 9 खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया।खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने खेलों के प्रति राज्य सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई और उत्तराखंड को खेल के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि राज्य के युवाओं में अपार प्रतिभा है और खेल महाकुंभ जैसे आयोजनों से ग्रामीण व दूरस्थ क्षेत्रें की प्रतिभाओं को अपनी कुशलता प्रदर्शित करने का मंच मिल रहा है। उन्होंने बताया कि नई खेल नीति के माध्यम से उदीयमान खिलाड़ियों को हर संभव सहायता प्रदान की जा रही है ताकि वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश का नाम रोशन कर सकें।मुख्यमंत्री ने पिथौरागढ़ सहित राज्य के विभिन्न जनपदों में खेल अधोसंरचना को मजबूत करने और आधुनिक सुविधाओं के विस्तार की बात कही। उन्होंने घोषणा की कि इस क्रिकेट मैदान में चारों ओर फ्लड लाइट की व्यवस्था की जाएगी ताकि रात्रि में भी खेल गतिविधियां संचालित हो सकें। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, शासन प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *