गहरी खाई में गिरी कार,चार लोग घायल
नैनीताल (उद संवाददाता)। नैनीताल हल्द्वानी मार्ग पर ताकुला के समीप मंगलवार को एक कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से रेस्क्यू अभियान चलाकर सभी घायलों को खाई से बाहर निकाला और तत्काल नैनीताल स्थित बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया। जानकारी के अनुसार हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रही ग्रे रंग की आई10 कार संख्या यूके 07 एएम 7810 ताकुला के समीप पहुंचते ही अनियंत्रित हो गई। देखते ही देखते कार सड़क से नीचे करीब 300 मीटर गहरी खाई में पलटते हुए जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख पुकार मच गई और आसपास के लोग घायलों की मदद के लिए पहुंच गए। कार में 28 वर्षीय नवीन चंद्र, 66 वर्षीय कैलाश चंद्र, 23 वर्षीय नितेश और 63 वर्षीय देवी दत्त सवार थे। बताया जा रहा है कि इनमें कुछ लोग पिथौरागढ़ और कुछ टिहरी गढ़वाल के रहने वाले हैं। ताकुला निवासी बसंत मेहरा ने अन्य स्थानीय लोगों के साथ मिलकर खाई में उतरकर घायलों को बाहर निकालने में मदद की। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की सहायता से रेस्क्यू अभियान चलाया और घायलों को खाई से निकालने के बाद एंबुलेंस तथा कोतवाली के वाहन से बीडी पांडे जिला अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में चिकित्सकों ने सभी घायलों की जांच की और एक्सरे सहित अन्य आवश्यक जांच के लिए भेजा। बताया जा रहा है कि कार सवार चारों लोग किसी काम से नैनीताल स्थित हाईकोर्ट जा रहे थे। हादसे के कारणों की पुलिस जांच कर रही है। तल्लीताल कोतवाली के सहायक उपनिरीक्षक सुनील कुमार ने घटना की जानकारी दी।
