August 23, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

श्रद्धालुओं से भरी बस पलटी,महिला की मौत, 25 घायल

सप्तऋषि क्षेत्र में बैक करते समय अनियंत्रित हुई बस,बचाव के प्रयास में डंपर ढाबे में घुसा
हरिद्वार (उद संवाददाता)। सप्तऋषि क्षेत्र में रविवार को श्रद्धालुओं से भरी एक बस अनियंत्रित होकर पलट गई, जिससे एक महिला यात्राी की मौत हो गई जबकि 25 अन्य यात्राी घायल हो गए। हादसे के दौरान सामने से आ रहा एक डंपर भी नियंत्रण खो बैठा और सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस के अनुसार दुर्घटना शांतिकुंज के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। राजस्थान से आए श्रद्धालुओं का एक दल गंगा स्नान के बाद अपने घर लौटने की तैयारी कर रहा था। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी बस को पीछे किया जा रहा था। बताया जा रहा है कि अचानक चालक बस से नियंत्रण खो बैठा, जिससे बस असंतुलित होकर सड़क पर पलट गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस को पलटता देख सामने से आ रहे डंपर चालक ने टक्कर से बचने का प्रयास किया,लेकिन वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित एक ढाबे में जा घुसा। इस दौरान वहां खड़ी एक बोलेरो भी डंपर की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर चीख पुकार मच गई। बस में फंसे यात्रियों की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और राहत कार्य में जुट गए। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस, स्थानीय लोगों और राहत दलों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और एंबुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल पहुंचाया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने 50 वर्षीय पुष्पकवर पत्नी भंवर सिंह निवासी नागौर, राजस्थान को मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टðी दे दी गई, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया है। उपजिलाधिकारी योगेश मेहरा ने बताया कि आपदा परिचालन केंद्र से सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम को मौके पर भेजा गया था। उन्होंने बताया कि बस में कुल 45 यात्राी सवार थे, जिनमें 26 लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के कारणों की जांच कराई जा रही है। शहर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कुंदन सिंह राणा ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त बस को हटाकर यातायात सुचारु करा दिया गया है। प्रारंभिक जांच में बस को पीछे करते समय चालक का संतुलन बिगड़ने की बात सामने आई है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *