रूद्रपुर में चली गोलियां : छात्र संघ चुनाव के नामांकन के दौरान दो गुटों में टकराव
रूद्रपुर। सरदार भगत सिंह राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र संघ चुनाव की नामांकन प्रक्रिया के दौरान छात्र नेताओं के दो गुट भिड़ गये। कहासुनी और मारपीट के बाद एक पक्ष ने हवाई फायरिंग कर दी जिससे मौके पर अफरा तफरी मच गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों गुटों को अलग थलग किया और कुछ वाहन भी कब्जे में लिये। जानकारी के अनुसार बुधवार को महाविद्यालय में नामांकन की प्रक्रिया चल रही थी। छात्र संघ अध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ रहे रजत बिष्ट और नागेन््रद गंगवार के समर्थक छात्र बड़ी संख्या में कालेज के गेट पर जमा हुए थे। इसी बीच किसी बात को लेकर अचानक छात्रों के दो गुट आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी हाथापाई में बदल गई और दोनों ओर से जमकर लात-घूसे चलने लगे। मारपीट और हंगामे के बीच एक पक्ष ने पिस्टल से फायर कर दिये। जिससे मौके पर हड़कम्प मच गया। अफरा तफरी के बीच छात्र इधर-उधर भागने लगे। गनीमत रही कि गोली लगने से कोई घायल नहीं हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची और हालात को काबू में किया। पुलिस ने छात्रों को खदेड़कर भीड़ को तितर-बितर किया। फिलहाल तनाव को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। इस बीच पुलिस ने विवाद कर रहे छात्रों के कुछ वाहन भी कब्जे में लिये हैं। विवाद किस बात को लेकर हुआ इसका कोई पता नहीं चल पाया है। दोनों गुटों की पहचान की जा रही है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। छात्रा संघ चुनाव को लेकर परिसर और शहर में पहले से ही तनाव का माहौल बना हुआ था। इस गोलीकांड ने छात्रों और अभिभावकों की चिंता और बढ़ा दी है।
