Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

जमीनी विवाद में दो भाइयों के बीच चली गोलियां,एक की मौत

गदरपुर (उद संवाददाता)। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बकेनिया में रविवार देर रात जमीनी विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां दो भाइयों के बीच चल रही पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पर तमंचे से गोली चला दी, जिससे एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई। इस सनसनीखेज वारदात से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम बकेनिया निवासी सरवेश्वर और उसके भाई सर्वजीत के बीच काफी समय से पैतृक भूमि के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि पूर्व में कई बार पंचायत स्तर पर समझौते के प्रयास किए गए, लेकिन मामला सुलझ नहीं सका। रविवार की रात एक बार फिर दोनों पक्ष इसी मुद्दे को लेकर आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते कहासुनी गाली-गलौज और हिंसक झड़प में बदल गई। प्राप्त के अनुसार, हाथापाई के दौरान आवेश में आकर एक पक्ष ने तमंचा निकाल लिया और सरवेश्वर पर फायर झोंक दिया। गोली सीधे सरवेश्वर को लगी और वह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पक्ष मौके से फरार हो गया। आनन-फानन में परिजन घायल सरवेश्वर को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। घटना की सूचना पर कोतवाली प्रभारी संजय पाठक और चौकी प्रभारी विजय कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। मामले की गंभीरता को देखते हुए अपर पुलिस अधीक्षक स्वप्न किशोर और क्षेत्रधिकारी विभव सैनी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पूरी तरह भूमि विवाद से जुड़ा पाया गया है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। समाचार लिखे जाने तक मामले में पुलिस को तहरीर नहीं मिली थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *