देहरादून में अर्जुन हत्याकांड के दोनों शूटर मुठभेड़ में गिरफ्तार
देहरादून (उद संवाददाता)। राजधानी देहरादून के चर्चित तिब्बती मार्केट हत्याकांड में दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने दो अलग-अलग मुठभेड़ों के बाद हत्याकांड को अंजाम देने वाले दोनों बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। रायपुर के लाडपुर जंगल और लालतप्पर क्षेत्र में हुई इन मुठभेड़ों के दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी है, जिन्हें इलाज के लिए कोरोनेशन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। गिरफ्तार बदमाशों के कब्जे से पुलिस ने दो देसी तमंचे और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद की है। पूछताछ में बदमाशों ने तिब्बती मार्केट में अर्जुन शर्मा की हत्या करने की बात स्वीकार कर ली है।घटनाक्रम के अनुसार, 11 फरवरी को तिब्बती मार्केट में भारत गैस एजेंसी के स्वामी अर्जुन शर्मा की दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद एसएसपी अजय सिंह ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया था। पुलिस टीमें शहर से लेकर देहात तक लगातार नाकेबंदी और सघन चेकिंग अभियान चला रही थीं। इसी दौरान लालतप्पर पुलिस चौकी के पास स्कूटी सवार एक संदिग्ध को पुलिस ने रोकने का प्रयास किया, लेकिन वह भाग निकला। बदमाश पास ही एक खंडहर फैक्ट्री में घुस गया और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के दाहिने पैर में गोली लगी और उसे दबोच लिया गया। वहीं, दूसरी ओर रायपुर थाना क्षेत्र के लाडपुर जंगल के पास चेकिंग के दौरान दूसरे बदमाश ने भी पुलिस को देखते ही गोलियां झोंक दीं। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दूसरा बदमाश भी पैर में गोली लगने से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी अजय सिंह तत्काल कोरोनेशन अस्पताल पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली। एसएसपी ने बताया कि दोनों बदमाशों को अलग-अलग मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया गया है और उनके पास से अवैध हथियार व घटना में प्रयुक्त वाहन बरामद कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है ताकि हत्या के पीछे के असल कारणों और किसी अन्य की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।
