October 24, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

हादसे में बाईक सवार मामा भांजे की मौत

किच्छा मार्ग पर अज्ञात वाहन ने बाईक को मारी टक्कर,घटना से परिवार में मचा कोहराम
रूद्रपुर (उद संवाददाता)। शुक्रवार की रात्रि किच्छा मार्ग पर देवरिया उत्तर प्रदेश से आये अपने मामा को बाईक पर सवार होकर रेलवे स्टेशन छोड़ने जा रहे युवक को तेज गति से जाते अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में मामा भांजा दोनों गंभीर रूप से घायल हो गये। उन्हें उपचार के लिए चिकित्सालय ले जाया गया जहां चिकित्सक ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार ग्राम सेंजनी मलसा लालपुर निवासी 22 वर्षीय रोहित चौहान पुत्र राधेश्याम चौहान सिडकुल की कम्पनी में काम करता था। उसके पिता भी सिडकुल की कम्पनी में काम करते हैं। बताया जाता है कि दो दिन पूर्व रोहित के मामा ग्राम जुलाफर देवरिया उत्तर प्रदेश निवासी 40 वर्षीय अच्छेलाल पुत्र हंसराज यहां आये हुए थे। शुक्रवार की रात्रि रोहित अपनी मोटरसाईकिल संख्या यूके 06 बीबी 8087 पर सवार होकर अपने मामा अच्छेलाल को हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन में बैठाने के लिए रात्रि करीब साढ़े नौ बजे घर से रवाना हुआ। अभी दोनों घर से मुख्य मार्ग पर कुछ ही दूर पहुंचे थे कि तेज गति से जाते अज्ञात वाहन चालक ने उनकी मोटरसाईकिल को टक्कर मार दी। जिससे रोहित व अच्छेलाल बाईक पर से गिरकर लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलने पर परिजन भी आ पहुंचे। दोनों को तत्काल उपचार के लिए चिकित्सालय पहुंचाया गया। जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतक रोहित दो भाईयों व दो बहनों में सबसे बड़ा था। घटना से ग्राम में शोक की लहर व्याप्त है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *