Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

मानसून से पहले रूद्रपुर में नगर निगम का बड़ा अभियान: कूड़ा और गंदगी से भरी नालियों की गहराई से हो रही सफाई

रुद्रपुर। मानसून से पहले नगर निगम ने शहर में जलभराव की समस्या से निपटने के लिए व्यापक सफाई अभियान शुरू कर दिया है। नगर निगम की टीमें विभिन्न वार्डों में मोर्चा संभाले हुए हैं और नालियों की गहराई से सफाई कराई जा रही है। इसी क्रम में श्याम टॉकीज रोड और रविंद्र नगर क्षेत्र में नालियों की सफाई का कार्य तेजी से चल रहा है। स्थानीय लोगों के अनुसार छोटी-छोटी नालियों से घुटनों तक मलवा निकल रहा है। सफाई के दौरान नालियों से प्लास्टिक की बोतलें, पन्नियां, गाद और वर्षों से जमा कूड़ा बाहर निकाला जा रहा है। मशीनों की मदद से नालियों की तली तक पहुंचकर सफाई की जा रही है, जिससे यह साफ प्रतीत हो रहा है कि पूर्व में नालियों की सफाई केवल खानापूर्ति तक सीमित रही होगी। सफाई कार्य के दौरान निकाले गए मलवे को सड़क किनारे रखा जा रहा है। मलबा गीला होने के चलते तुरंत इ से हटाना संभव नहीं है जिसके चलते इसे सड़क किनारे निकाल कर रखा जा रहा है। दुकानों के सामने मलवा होने के चलते दुकानदारों और राहगीरों को अस्थायी परेशानी का सामना जरूर करना पड़ रहा है, लेकिन लोग इसे शहरहित में जरूरी कदम मान रहे हैं। स्थानीय व्यापारियों और क्षेत्रवासियों का कहना है कि वर्षों की गंदगी अब बाहर निकल रही है, जिससे बरसात के दौरान नालियों का पानी धारा प्रवाह से बह सकेगा और घरों व दुकानों में पानी घुसने की समस्या से राहत मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने मेयर विकास शर्मा के प्रयासों की सराहना करते हुए उम्मीद जताई कि इस बार बारिश के मौसम में शहर को जलभराव की समस्या से काफी हद तक निजात मिलेगी। नगर निगम द्वारा पिछले कई दिनों से शहर के विभिन्न वार्डों में इसी तरह अभियान चलाकर गहराई से नालियों की सफाई कराई जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *