Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

बेकाबू कार की टक्कर से बाईक सवार महिला की मौत

रुद्रपुर/ गदरपुर (उद संवाददाता)। गुरूवार की सायं करतारपुर मोड़ पर कार की टक्कर से बाईक सवार एक महिला की मौत हो गई। जबकि बाईक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। कार चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। जानकारी मिलने पर पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। वहीं मृतका के परिजनों ने चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। जानकारी के अनुसार ग्राम अमरपुरी गुमचौया निवासी 35 वर्षीय सुरजीत कौर पत्नी देवेन्द्र सिंह यहां ग्राम बागवाला में स्थित एक फैक्ट्री में काम करती थी। उसका पति भी मजदूरी करता है। बताया जाता है कि गुरूवार की सायं सुरजीत कौर ड्यूटी समाप्त कर फैक्ट्री बाहर आई और फैक्ट्री के ही एक कर्मी रमेश से लिफ्ट मांगकर उसके साथ बाईक पर सवार होकर घर के लिए रवाना हुई। मार्ग में करतारपुर मोड़ पर गुरूद्वारा के पास पीछे से तेज गति से आती कार ने उनकी बाईक को टक्कर मार दी। जिससे सुरजीत कौर व रमेश गंभीर रूप से घायल हो गये। सूचना मिलने पर परिजन सुरजीत को उपचार के लिए गदरपुर सरकारी चिकित्सालय में ले गये जहां से उसे अन्यत्र रैफर कर दिया गया। लेकिन सुरजीत कौर ने दूसरे चिकित्सालय ले जाते मार्ग में ही दम तोड़ दिया। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस ने शव अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। मृतका सुरजीत कौर अपने पीछे एक पुत्री और दो पुत्रें को छोड़ गई हैं। घटना के बाद परिवार पर दुख का पहाड़ टूट पड़ा है। परिजनों ने चिकित्सकों पर उपचार में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि वाहन और चालक की पहचान की जा सके। पुलिस का कहना है कि परिजनों की तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वहीं घायल रमेश का चिकित्सालय में उपचार चल रहा है।

अज्ञात वाहन की टक्कर से बुजुर्ग की मौत

रामनगर।ग्राम हिम्मतपुर ब्लॉक क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 72 वर्षीय बुजुर्ग की जान चली गई। मृतक की पहचान ग्राम निवासी आनंद बल्लभ जोशी के रूप में हुई है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, आनंद बल्लभ जोशी गुरुवार रात अपने घर के बाहर टहल रहे थे। इसी दौरान काशीपुर की ओर से आ रही एक अज्ञात बस ने उन्हें तेज रफ्तार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे मौके पर ही गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों ने आनन-फानन में उन्हें रामनगर के सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद से अज्ञात वाहन और उसका चालक फरार बताया जा रहा है। पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज और अन्य माध्यमों से वाहन की पहचान की कोशिश की जा रही है। वहीं गांव में इस दुखद घटना के बाद शोक की लहर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *