अंकिता भंडारी प्रकरण: सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों से मिले माता-पिता, निष्पक्ष जांच का मिला आश्वासन
नई दिल्ली/देहरादून। अंकिता भंडारी हत्याकांड की विवेचना को लेकर उनके माता-पिता ने नई दिल्ली स्थित केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) मुख्यालय में वरिष्ठ अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान सीबीआई अधिकारियों ने उन्हें प्रकरण के सभी पहलुओं की समुचित जांच करते हुए निष्पक्ष एवं न्यायसंगत विवेचना किए जाने का आश्वासन दिया।अंकिता भंडारी के पिता वीरेंद्र सिंह भंडारी और माता सोनी देवी ने सीबीआई मुख्यालय पहुंचकर अधिकारियों के समक्ष प्रकरण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं पर अपनी बात रखी। उन्होंने मामले से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी अधिकारियों के साथ साझा कीं।मुलाकात के दौरान सीबीआई के वरिष्ठ अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि अंकिता हत्याकांड से जुड़े सभी पहलुओं का समुचित परीक्षण किया जाएगा और विवेचना निष्पक्ष एवं न्यायसंगत तरीके से आगे बढ़ाई जाएगी।इस दौरान पौड़ी गढ़वाल के सांसद अनिल बलूनी भी अंकिता के माता-पिता के साथ मौजूद रहे। इस मुलाकात को अंकिता भंडारी प्रकरण में न्याय की मांग और जांच से जुड़ी अपेक्षाओं के संदर्भ में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।


