Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

इंडेन गैस एजेंसी में गैस की कालाबाजारी और अव्यवस्था पर फूटा गुस्सा

रूद्रपुर । काशीपुर बाईपास रोड स्थित इंडेन गैस एजेंसी पर गैस संकट के बीच कुप्रबंधन और कालाबाजारी को लेकर मंगलवार को सैकड़ों उपभोक्ताओं का गुस्सा फूट पड़ा। न तो एजेंसी प्रबंधन होम डिलीवरी सुचारू कर पा रहा है और न ही बुक किए गए सिलेंडरों की डिलीवरी के मामले सुलझ रहे हैं। स्थिति तब और बिगड़ गई जब युवा समाजसेवी सुशील गाबा के नेतृत्व में उपभोक्ताओं ने एजेंसी परिसर में जमकर नारेबाजी और प्रदर्शन शुरू कर दिया। श्री गाबा ने प्रशासनिक अधिकारियों और नेताओं पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि अधिकारियों को घर बैठे सिलेंडर मिल रहे हैं, इसलिए वे आम जनता को एजेंसी के रहमोकरम पर छोड़कर अपने एसी कमरों में बैठे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि होम डिलीवरी व्यवस्था की कोई निगरानी नहीं हो रही है और उपभोक्ताओं को फर्जी डिलीवरी केस दिखाकर परेशान किया जा रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिला पूर्ति कार्यालय को भी सूचना दी गई। हंगामे की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच गया। इसी बीच व्यापार मंडल अध्यक्ष संजय जुनेजा, हैप्पी रंधावा और गौरव गांधी भी समर्थन में उतर आए। विवाद उस समय और गहरा गया जब व्यापार मंडल संरक्षक नरेश ग्रोवर से होम डिलीवरी कर्मचारी द्वारा एक सिलेंडर के बदले 3500 रुपये मांगे जाने की बात सामने आई। इस खुलासे के बाद उपभोक्ताओं का आक्रोश चरम पर पहुंच गया और मौके पर भारी हंगामा शुरू हो गया। तत्काल होम डिलीवरी ठेकेदार को तलब किया गया। समाचार लिखे जाने तक उपभोक्ताओं और व्यापार मंडल का विरोध प्रदर्शन जारी था और पुलिस स्थिति को संभालने का प्रयास कर रही थी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *