सिरौली कला से 16.560 किलो डोडा व हथियार के साथ आरोपी गिरफ्तार
रुद्रपुर। कुमायूँ परिक्षेत्र में पुलिस महानिरीक्षक रिद्धिम अग्रवाल के नेतृत्व में नशा कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। आए दिन पुलिस को इस अभियान में बड़ी सफलताएं मिल रही हैं। इसी क्रम में एसओटीएफ कुमायूँ और थाना पुलभट्ट पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को भारी मात्रा में डोडा, अवैध तमंचा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है।पुलिस के अनुसार 7 मई को वाहन चेकिंग के दौरान थाना पुलभटटा क्षेत्र के सिरौली कला में एक संदिग्ध युवक को रोककर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान आरोपी आकिब पुत्र मुख्तायर अहमद निवासी वार्ड नंबर-06 सिरौली कला, किच्छा के कब्जे से 16.560 किलोग्राम डोडा, 315 बोर का एक देशी तमंचा, 10 जिंदा कारतूस और एक बुलेट मोटरसाइकिल बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को मौके से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना पुलभटटा में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। आईजी कुमायूँ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि आरोपी से गहन पूछताछ कर पूरे नेटवर्क का पता लगाया जाए तथा यह जानकारी जुटाई जाए कि डोडा और अवैध हथियारों की सप्लाई कहां से हो रही थी और किन क्षेत्रों में इसकी तस्करी की जा रही थी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार पिछले आठ माह में एसओटीएफ द्वारा नशे के खिलाफ चलाए गए अभियान में 794 नशीले इंजेक्शन और 44,170 नशीली गोलियां एवं कैप्सूल बरामद किए जा चुके हैं। लगातार हो रही कार्रवाई से नशा कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। इस संयुक्त कार्रवाई में एसओटीएफ कुमायूँ टीम और थाना पुलभटटा पुलिस टीम के अधिकारी एवं कर्मचारी शामिल रहे।
