August 17, 2026

Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

सड़क पर बन गया गहरा गड्ढा : जिलाधिकारी आशीष चौहान ने क्षतिग्रस्त पुल की एप्रोच रोड का किया निरीक्षण

कहा : जिम्मेदार लोगों पर एक्शन भी लिया जायेगा
देहरादून – नंदा की चौकी के पास लगातार बारिश के दौरान 6 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया पुल का एक बड़ा हिस्सा धंस गया, जिससे सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया और वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद करनी पड़ी।हाल ही में तैयार हुए इस पुल के क्षतिग्रस्त होने के बाद निर्माण कार्य की गुणवत्ता और निगरानी पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पुल पर यातायात रोक दिया है। वहीं देहरादून के जिलाधिकारी आशीष चौहान ने मौके पर पहुंचकर क्षतिग्रस्त पुल की एप्रोच रोड का निरीक्षण किया। उन्होंने कहा कि भारी बारिश से मार्ग ध्वस्त हो गया है । नंदा की चौकी के पास पिछली बार आपदा के बाद जो पुल बनाया गया था वह सुरक्षित है । मार्ग को सुचारू करने के लिए पीडब्लूडी के अधिकारियों ने विभागीय कार्य शुरू कर दिया है। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य की जांच की जायेगी और जिम्मेदार लोगों पर एक्शन भी लिया जायेगा। पुल में धंसाव के कारणों की जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी। उन्होंने शीघ्र सड़क भरान कर यातायात खोलने के निर्देश दिए। गौरतलब है कि 5 सितंबर 2025 की मध्यरात्रि को नंदा की चौकी का पुराना मुख्य पुल क्षतिग्रस्त हो गया था। पुल की एबटमेंट वॉल और एक स्लैब टूटने के बाद लोक निर्माण विभाग ने ह्यूम पाइप डालकर अस्थाई पुलिया बनाई, जिसने करीब 10 महीने तक पुराने राजमार्ग पर यातायात की जिम्मेदारी संभाली। इसके बाद मार्च 2026 में लगभग 16 करोड़ रुपये की लागत से मुख्य पुल के पुनर्निर्माण का कार्य शुरू किया गया। निर्माण पूरा होने के बाद 11 जुलाई की रात अस्थाई पुलिया धंस गई और 12 जुलाई से नए पुल पर यातायात शुरू कर दिया गया। नंदा की चौकी के पास बने नए पुल की एप्रोच रोड का भारी बारिश के बीच क्षतिग्रस्त होना बेहद गंभीर और चिंताजनक है। पुल के घटिया निर्माण और भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ने से विभागीय अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गये है। यदि नया निर्माण पहली ही बरसात में इस तरह सवालों के घेरे में आ जाए, तो यह निर्माण गुणवत्ता और परियोजना की निगरानी पर गंभीर प्रश्न खड़े करता है। यह घटना राज्य सरकार के विकास मॉडल की गुणवत्ता और जवाबदेही को लेकर भी सवाल उठाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *