Uttaranchal Darpan

Hindi Newsportal

दुकान से नकदी समेत लाखों का माल उड़ाया

दिनेशपुर। चोरों ने एक दुकान में धावा बोलकर हजारों की नकदी सहित लाखों का माल उड़ा लिया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच की। घटना की जानकारी मिलने पर व्यापारियों में रोष छा गया। उन्होनें कहा कि यदि पुलिस ने मामले का शीघ्र खुलासा नहीं किया तो आंदोलन किया जायेगा। जानकारी के अनुसार जयंत समद्दार की गदरपुर रोड पर दोमंजिला बिल्डिंग में फैशन प्वाइंट नाम से दुकान है। गतरात्रि चोरों ने दुकान पर धावा बोलकर शटर के ताले तोड़ दिये और दुकान में लगा शीशे का फ्रेम भी तोड़कर दुकान में रखी 60हजार की नकदी समेत लैदर की जैकटें, पैंट, शर्टें, टीशर्ट, एलसीडी, पुलोवर समेत ढाई लाख का माल उड़ा लिया। जैसे ही इसकी भनक दुकान स्वामी को लगी तो तमाम व्यापारियों समेत पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। व्यापार मण्डल अध्यक्ष राजेश नारंग ने कहा कि पूर्व में भी दिनेशपुर क्षेत्र में कई चोरियों की घटनाएं हो चुकी हैं लेकिन पुलिस ने किसी मामले का खुलासा नहीं किया। व्यापार मण्डल अध्यक्ष नारंग और मेडिकल एसोसिएशन अध्यक्ष विकास सरकार ने कहा कि लगातार हो रही चोरियों से व्यापारियों में भय और आक्रोश है। यदि शीघ्र ही मामले का खुलासा नहीं किया गया तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *